Gopalganj News: गोपालगंज जिले के उचकगांव थाना क्षेत्र के दहीभता गांव में बीते 5 जुलाई को हुए खूनी जमीनी विवाद मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने छापेमारी कर जानलेवा हमले के नामजद आरोपी सुमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया है.
जमीन पर कब्जे को लेकर हुआ था खूनी संघर्ष
पुलिस के अनुसार, पांच जुलाई को दहीभता गांव में निजी जमीन पर वर्चस्व और कब्जे को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई थी. मारपीट के दौरान कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिसके बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था.
12 लोगों के खिलाफ दर्ज हुई थी एफआईआर
घटना के बाद घायल शिवजी यादव के बयान पर उचकगांव थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. उन्होंने अर्जुन यादव समेत 12 लोगों को नामजद करते हुए हत्या के प्रयास (जानलेवा हमला) और मारपीट का आरोप लगाया था.
पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी सुमित कुमार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई गई है.
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
उचकगांव थाना पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों के फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: 3936 करोड़ की लागत से खगड़िया-पूर्णिया हाईवे बनेगा फोरलेन, सिर्फ 2 घंटे में पूरा होगा सफर
