Murder of Married Woman: स्थानीय थाना क्षेत्र के जगतौली ओपी अंतर्गत विश्रामपुर गांव में विवाहिता प्रतिमा कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की है. मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपितों में पति उमेश यादव, सास गुलायची देवी और ननद पिंकी को गिरफ्तार कर लिया है.
मोटरसाइकिल और सोने के आभूषण की मांग का आरोप
उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के भटवलिया गोसाईं टोला निवासी रमाशंकर यादव ने जगतौली ओपी में आवेदन दिया है. प्राथमिकी में मृतका के पति उमेश यादव, सास गुलायची देवी, ननद पिंकी, नीतू और पूनम को नामजद किया गया है.
आवेदन के अनुसार, प्रतिमा की शादी 5 मई 2026 को विश्रामपुर निवासी उमेश यादव के साथ हुई थी. शादी में मायके वालों ने अपनी क्षमता के अनुसार नकद राशि, बर्तन, कपड़े, आभूषण और फर्नीचर समेत करीब पांच लाख रुपये का सामान दिया था.
आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज में मोटरसाइकिल, सोने की अंगूठी और चेन की मांग कर रहे थे. मांग पूरी नहीं होने पर प्रतिमा को कथित रूप से प्रताड़ित किया जाता था.
रात में मायके फोन कर मांगी थी मदद
मृतका के पिता के अनुसार, 30 अगस्त की रात प्रतिमा ने मायके में फोन किया था. उसने रोते हुए ससुराल वालों द्वारा मारपीट किये जाने की जानकारी दी और सुबह आकर उसे ले जाने की गुहार लगायी थी. उसने परिजनों को अपनी सुरक्षा को लेकर भी आशंका जतायी थी.
31 अगस्त की सुबह जब परिजन विश्रामपुर पहुंचे तो घर में प्रतिमा का शव मिला. परिजनों ने उसके शरीर और गले पर चोट के निशान होने का आरोप लगाया है.
पति, सास और ननद गिरफ्तार
जगतौली ओपी प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन पर कांड संख्या 401/26 दर्ज किया गया है. मामले में नामजद पति उमेश यादव, सास गुलायची देवी और ननद पिंकी को गिरफ्तार कर लिया गया है. शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है. अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: बिहार पुलिस को मिलेगा नया मुखिया, जानिए कौन-कौन से आईपीएस अधिकारी हैं मुख्य दावेदार
