गोपालगंज गोलीकांड का खुलासा: भाई ने ही रची थी हत्या की साजिश, पड़ोसियों को फंसाने का था प्लान

Bihar Crime News: गोपालगंज के मीरगंज थाना क्षेत्र में 20 दिन पहले हुई गोलीकांड की घटना में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. जांच में सामने आया कि पीड़ित के सगे भाई ने ही जमीन विवाद में हत्या की साजिश रची थी. इतना ही नहीं, पड़ोसियों को फंसाने की भी पूरी योजना तैयार की गई थी.

Bihar Crime News: (सत्येंद्र पांडेय) गोपालगंज जिले के मीरगंज थाना क्षेत्र के जिगना जगरनाथ गांव में करीब 20 दिन पहले हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने बड़ा और चौंकाने वाला खुलासा किया है. जिस भाई पर परिवार और रिश्ते की जिम्मेदारी थी, उसी ने अपने सगे भाई को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि हत्या की कोशिश के बाद पूरे मामले का आरोप पड़ोसियों पर डालने की भी योजना बनाई गई थी. इस खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग रिश्तों के इस खौफनाक चेहरे को लेकर चर्चा कर रहे हैं.

क्या था पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के जिगना जगरनाथ (तोताराम टोला) निवासी जंग बहादुर यादव के 35 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार अपने घर के बाहर दरवाजे पर सो रहे थे. इसी दौरान देर रात बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगते ही संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. गोली की आवाज सुनकर परिजन घर से बाहर निकले, लेकिन तब तक हमलावर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था.

पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विनय कुमार तिवारी के निर्देश पर विशेष जांच टीम का गठन किया गया. हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता, मीरगंज थाना पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की.

जांच के दौरान पुलिस ने

  • घटनास्थल से खोखा और खून के नमूने एकत्र किए
  • तकनीकी टीम की मदद से मोबाइल कॉल डिटेल और लोकेशन खंगाली
  • संदिग्धों से पूछताछ की
  • परिजनों और स्थानीय लोगों के बयान का मिलान किया

जांच के दौरान कई बयानों में विरोधाभास मिलने पर पुलिस का शक और गहरा हो गया.

जमीन विवाद बना वारदात की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि परिवार के भीतर जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था. इसी विवाद के कारण पीड़ित का भाई अपने ही भाई को रास्ते से हटाना चाहता था.बताया जा रहा है कि उसने भाड़े के अपराधियों से संपर्क कर पूरी साजिश तैयार की थी.

पड़ोसियों को भी फंसाने की थी योजना

इस मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि आरोपी भाई सिर्फ अपने भाई को हटाना नहीं चाहता था, बल्कि अपने पुराने विरोधी पड़ोसियों को भी फंसाना चाहता था.योजना के अनुसार, घटना के बाद हत्या का आरोप पड़ोसियों पर लगाया जाना था ताकि एक साथ दो फायदे मिल सकें—भाई की जमीन पर कब्जा और पुराने विरोधियों को जेल भेजना.पुलिस के अनुसार शुरुआती बयान में जानबूझकर पड़ोसियों का नाम भी सामने लाने की कोशिश की गई थी.

एसपी ने क्या कहा?

पुलिस अधीक्षक विनय कुमार तिवारी ने प्रेस वार्ता में कहा कि पुलिस किसी भी निर्दोष व्यक्ति को फंसने नहीं देगी. उन्होंने बताया कि वैज्ञानिक और तकनीकी जांच के आधार पर मामले का सफल खुलासा किया गया है. पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता और उसके सहयोगियों की पहचान कर ली है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और जल्द ही आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जाएगी.

गांव में चर्चा का विषय बना मामला

इस खुलासे के बाद जिगना जगरनाथ गांव समेत पूरे मीरगंज क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. लोग इस बात से हैरान हैं कि जमीन विवाद ने भाई-भाई के रिश्ते को इस हद तक पहुंचा दिया कि अपने ही खून के खिलाफ साजिश रच दी गई.

Also Read: औरंगाबाद में बड़ा हादसा टला: बच्चों से भरी पिकअप पलटी, 10 से अधिक छात्र घायल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Raginisharma

वर्तमान में मैं, रागिनी शर्मा पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके.

पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की.

इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >