Bihar Constable Exam : (विकास दुबे) केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) की ओर से आयोजित चौथे चरण की सिपाही चालक भर्ती परीक्षा रविवार को जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त माहौल में संपन्न हुई। परीक्षा में कुल 2352 अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्था की गई थी, लेकिन केवल 950 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि 1402 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के बाद अधिकांश अभ्यर्थियों ने विज्ञान विषय के प्रश्नों को अपेक्षाकृत कठिन बताया.
डीएम ने संभाली कमान, लगातार होता रहा निरीक्षण
परीक्षा को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला पदाधिकारी समीर सौरभ के नेतृत्व में प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। डीएम ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन का जायजा लिया। उनके साथ उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) तथा जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार समेत कई अधिकारी मौजूद रहे.
जैमर, सीसीटीवी और वीडियोग्राफी से रही निगरानी
नकल रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर नेटवर्क जैमर लगाए गए थे। पूरे परीक्षा परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों और लगातार वीडियोग्राफी के जरिए की गई। परीक्षा शुरू होने से पहले सभी कमरों, बेंच-डेस्क और शौचालयों की भी गहन जांच कराई गई। ड्यूटी में तैनात सभी कर्मियों के लिए पहचान पत्र पहनना अनिवार्य किया गया था.
मोबाइल समेत सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रहे प्रतिबंधित
परीक्षा केंद्रों के अंदर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, इलेक्ट्रॉनिक पेन, कैलकुलेटर सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध रहा। प्रत्येक अभ्यर्थी की सघन तलाशी और पहचान पत्र की जांच के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई.
विज्ञान के सवालों ने बढ़ाई अभ्यर्थियों की मुश्किल
परीक्षा समाप्त होने के बाद बाहर निकले अधिकांश अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र को संतुलित बताया, लेकिन विज्ञान विषय के प्रश्न अपेक्षाकृत कठिन होने की बात कही। परीक्षार्थियों के अनुसार सामान्य अध्ययन, गणित और रीजनिंग के प्रश्न आसान थे, जबकि विज्ञान के कुछ प्रश्नों ने उन्हें उलझन में डाल दिया और उत्तर देने में अधिक समय लगा.
Gopalganj News : कई जिलों से पहुंचे थे अभ्यर्थी
गोपालगंज के परीक्षा केंद्रों पर नालंदा, औरंगाबाद समेत कई जिलों के अभ्यर्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। नालंदा के अभ्यर्थी शिवम ने बताया कि गणित और रीजनिंग के प्रश्न अपेक्षा के अनुरूप थे, लेकिन विज्ञान के कुछ सवाल कठिन रहे। वहीं औरंगाबाद के अभ्यर्थी गुंजन ने कहा कि यदि विज्ञान के प्रश्न थोड़े सरल होते तो प्रश्नपत्र और संतुलित लगता.
950 ने दी परीक्षा, 1402 रहे अनुपस्थित
जिला शिक्षा पदाधिकारी योगेश कुमार ने बताया कि जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर कुल 2352 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। इनमें 950 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1402 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे.
केंद्रवार उपस्थिति
- वीएम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय: 360 में 148 उपस्थित, 212 अनुपस्थित.
- डीएवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय: 888 में 373 उपस्थित, 515 अनुपस्थित.
- एसएस बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय: 1104 में 429 उपस्थित, 675 अनुपस्थित.
