गोपालगंज: बैकुंठपुर थाने में SDPO का औचक निरीक्षण, गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

गोपालगंज के बैकुंठपुर थाने में एसडीपीओ ने औचक निरीक्षण किया. उन्होंने अपराध नियंत्रण, गश्ती बढ़ाने और बैंक-एटीएम सुरक्षा पर सख्त निर्देश दिए. लंबित मामलों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी में तेजी लाने को भी कहा.

Gopalganj News : एसडीपीओ सदर-टु कृपाल चंद्र जयसवाल ने रविवार की देर शाम बैकुंठपुर थाने का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने थाना परिसर स्थित मलखाना और हाजत का जायजा लिया. ओडी ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारी से दिनभर में प्राप्त आवेदनों और उन पर की गयी कार्रवाई की जानकारी ली. इसके साथ ही स्टेशन डायरी का भी अवलोकन किया.

चौकीदार परेड कर अपराध नियंत्रण के दिये निर्देश

एसडीपीओ ने संध्या समय थाना परिसर में चौकीदार परेड कराया. इसमें चौकीदारों, दफादारों और पुलिस पदाधिकारियों को अपराध नियंत्रण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने और विभिन्न मामलों में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने को कहा.

उन्होंने अनुसंधान पदाधिकारियों से अलग-अलग मामलों में अब तक की गयी कार्रवाई की जानकारी भी ली. लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए आवश्यक कार्रवाई समय पर पूरा करने का निर्देश दिया.

रात में गश्ती की प्रभावी मॉनिटरिंग पर जोर

एसडीपीओ ने कहा कि अगले महीने से ठंड का मौसम शुरू होने की संभावना है. ऐसे में संध्या और रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाने के साथ उसकी नियमित मॉनिटरिंग जरूरी है. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया.

बैंक, एटीएम और ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान

निरीक्षण के दौरान बैंक, एटीएम, ग्राहक सेवा केंद्र और ज्वेलरी दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा गया. एसडीपीओ ने चौक-चौराहों पर नियमित वाहन जांच अभियान चलाने और शराब के कारोबार से जुड़े लोगों पर नजर रखने का भी निर्देश दिया.

थानाध्यक्ष को अपराध नियंत्रण को लेकर दिये निर्देश

एसडीपीओ ने थानाध्यक्ष रवि शंकर कुमार को अपराध नियंत्रण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये. उन्होंने थाना क्षेत्र में पुलिस गश्ती और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाये रखने पर जोर दिया. मौके पर अपर थानाध्यक्ष समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष राज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >