गोपालगंज. कुचायकोट थाना क्षेत्र के भटवा स्थित हनुमान मंदिर परिसर में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी अष्टयाम सह भंडारे का आयोजन किया जा रहा है. यह धार्मिक आयोजन आगामी 18 अक्तूबर से आरंभ होगा तथा 19 अक्तूबर को भव्य भंडारे के साथ संपन्न होगा. इस अवसर पर रात्रि में जिले के नामचीन कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया जायेगा, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है. जानकारी देते हुए मंदिर प्रबंधक कमेटी के चेयरपर्सन डायरेक्टर प्रद्युम्न तिवारी ने बताया कि भटवा हनुमान मंदिर अब क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है. उन्होंने बताया कि हनुमान जयंती के अवसर पर आयोजित यह अष्टयाम जिले का एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन बन चुका है. उन्होंने भक्तों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर हनुमान जी के दिव्य दरबार की शोभा बढ़ाएं. इस अवसर पर मंदिर परिसर में तैयारियों को लेकर बैठक भी की गयी, जिसमें विकास तिवारी, दिनेश तिवारी, संतोष तिवारी, राजेश तिवारी, भैरवी तिवारी, अखिलेश तिवारी, उमा तिवारी, सुमित तिवारी सहित राज्य के प्रसिद्ध बांसुरी वादक महर्षि अनिल शास्त्री उपस्थित रहे. आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास का माहौल है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
