Gopalganj News : सरकारी आदेशों के अनुपालन में लापरवाही बरतना जिले के 27 निजी स्कूलों पर भारी पड़ सकता है. सरकारी योजनाओं से जुड़े पोर्टलों पर पंजीकरण नहीं कराने और विद्यार्थियों की अपार आइडी बनाने में लापरवाही के मामले में शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है. जिला शिक्षा पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार पाण्डेय के निर्देश पर एसएस के डीपीओ शिवम ने संबंधित स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा है.
पोर्टल पर पंजीकरण और अपार आइडी बनाने का दिया गया था निर्देश
विभाग की ओर से निजी स्कूलों को एसएचवीआर एप, ईको क्लब, विद्यांजली पोर्टल, इंस्पायर्ड अवार्ड और नशा मुक्त भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराने का निर्देश दिया गया था. इसके साथ ही स्कूलों में नामांकित विद्यार्थियों की अपार आइडी बनाने को लेकर भी लगातार निर्देश जारी किये गये थे. इसके बावजूद 27 निजी स्कूलों की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गयी.
राज्य स्तर की बैठक में सामने आयी लापरवाही
शिक्षा विभाग के अनुसार राज्य कार्यालय में हुई बैठक के दौरान सरकारी योजनाओं से जुड़े पोर्टलों पर संबंधित स्कूलों का पंजीकरण नहीं होने का मामला सामने आया. इस पर राज्य स्तर से नाराजगी जताते हुए कार्रवाई का निर्देश दिया गया. इसके बाद जिला शिक्षा विभाग ने संबंधित स्कूलों को नोटिस जारी किया है.
विभाग ने स्कूलों की इस लापरवाही को सरकारी आदेश की अवहेलना और विभागीय कार्यों में शिथिलता माना है. स्कूल प्रबंधन को निर्धारित समय के भीतर सभी जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने को कहा गया है.
तीन दिन में जवाब नहीं दिया तो रद्द हो सकती है प्रस्वीकृति
डीईओ ने स्पष्ट किया है कि तीन दिनों के भीतर संबंधित पोर्टलों पर पंजीकरण और विद्यार्थियों की अपार आइडी बनाने का काम पूरा कर स्पष्टीकरण नहीं दिया गया, तो शिक्षा के अधिकार अधिनियम के प्रावधानों के तहत स्कूल की प्रस्वीकृति रद्द करने की कार्रवाई की जा सकती है.
इसके अलावा जिला प्रस्वीकृति समिति के निर्णय के आधार पर संबंधित स्कूलों की प्रस्वीकृति के नवीनीकरण पर भी विचार नहीं किया जायेगा. संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को स्कूल प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर निर्धारित कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया गया है.
इन 27 निजी स्कूलों को जारी हुआ नोटिस
नोटिस पाने वाले स्कूलों में सरस्वती ज्ञानोदय एकेडमी विजयीपुर, न्यू ब्लोशम पब्लिक स्कूल विजयीपुर, सेंट जोसेप्स स्कूल विजयीपुर, दुर्गा शिला सदन स्कूल कटेया, न्यू सेंट्रल पब्लिक स्कूल विजयीपुर, नेशनल कॉन्वेंट स्कूल विजयीपुर, सेंट जोसेफ मिशन स्कूल विजयीपुर, डॉ भीमराव अंबेडकर शिक्षण संस्थान विजयीपुर, भरोसा शिक्षण संस्थान भोरे, पीडी सेंट्रल एकेडमी पंचदेवरी, डीआरएम पब्लिक स्कूल पंचदेवरी, बीबीसी किड्स ग्रोविंस स्कूल कुचायकोट, वीएस पाराडाइज स्कूल कुचायकोट, पूजन देव मिश्र पब्लिक स्कूल फुलवरिया, एसएस पब्लिक स्कूल हथुआ, वनारस हेरिटेज स्कूल हथुआ, रॉयल किड्स एकेडमी हथुआ, एसएस पब्लिक स्कूल उचकागांव, सेंट जेबियर एकेडमी उचकागांव, नेशनल मॉडर्न हाई स्कूल थावे, ऑक्सफोर्ड इंटरनेशनल स्कूल गोपालगंज, मेरीडियन द स्कूल गोपालगंज, ज्ञान सरोवर पब्लिक स्कूल बरौली, इंद्रदेव इंटरनेशनल एकेडमी स्कूल सिधवलिया, बीसडॉम इंटरनेशनल स्कूल मांझा, एससी पब्लिक स्कूल सिधवलिया और मॉडर्न पब्लिक स्कूल सिधवलिया शामिल हैं.
