अपाची बाइक पर सवार आधा दर्जन अपराधियों ने ताबड़तोड़ की फायरिंग
घटना में बाल-बाल बचा चालक इलाके में दहशत का माहौल
पंचदेवरी : कटेया प्रखंड प्रमुख के चालक पर बगही काटा के समीप अपाची पर सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की. इस फायरिंग की घटना से पूरा इलाका दहल उठा है. आधा दर्जन से अधिक गोली चलने की बात सामने आयी है. घटना की सूचना मिलते ही कटेया तथा भोरे की पुलिस पहुंच कर ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है. इलाके को पूरी तरह से सील कर वाहन जांच शुरू कर दी गयी है. पुलिस ने कटेया से बाहर निकलने वाले सभी मार्गों पर जांच शुरू की है. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कटेया थाना क्षेत्र के टेर खेमराज गांव के रहनेवाले राजा यादव कटेया प्रखंड प्रमुख माधुरी मिश्रा के पति आनंद मिश्रा की गाड़ी चलाता है.
बुधवार की देर शाम गाड़ी लेकर अपने घर जा रहा था. इस दौरान बगही काटा के पास उसे ओवरटेक कर अपाची पर सवार अपराधियों ने अंधा धुंध फायरिंग शुरू कर दिया. उसके गिरने से मृत समझ कर अपराधी भाग निकले. हालांकि इस गोलीबारी में वह बाल बाल बच गया. गोलीबारी से लोगों में दहशत फैल गयी. अफरातफरी मच गयी. लोग भाग भाग कर अपने घरों में दुबक गये, जबकि अासपास के लोगों ने तत्काल कटेया पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. चालक से पूछताछ कर घटना के पीछे की राज को उगलवाने में पुलिस जुटी है.
