हीट वेव से निबटने के लिए सदर अस्पताल तैयार, 10 बेड का विशेष वार्ड हुआ शुरू

जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए मॉडल सदर अस्पताल प्रशासन ने हीट वेव से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष तैयारी शुरू कर दी है.

गोपालगंज. जिले में लगातार बढ़ते तापमान और भीषण गर्मी को देखते हुए मॉडल सदर अस्पताल प्रशासन ने हीट वेव से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए विशेष तैयारी शुरू कर दी है. सिविल सर्जन डॉ वीरेंद्र प्रसाद के निर्देश पर अस्पताल परिसर में 10 बेड का विशेष हीट वेव वार्ड बनाया गया है, जहां लू और अत्यधिक गर्मी से प्रभावित मरीजों को भर्ती कर समुचित इलाज किया जायेगा. अस्पताल प्रबंधक जान महमद ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह सतर्क है. हीट वेव वार्ड में मरीजों की सुविधा के लिए फ्रिज, ठंडा पेयजल, बर्फ, आवश्यक दवाइयां, ओआरएस, ग्लूकोज, पंखा, कूलर सहित अन्य जरूरी संसाधनों की व्यवस्था की गयी है ताकि मरीजों को इलाज के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो. उन्होंने बताया कि अस्पताल में डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की विशेष ड्यूटी लगायी गयी है. गर्मी से बेहोशी, चक्कर, उल्टी, सिरदर्द, तेज बुखार, शरीर में पानी की कमी और लू लगने जैसे लक्षण वाले मरीजों को तुरंत इस वार्ड में भर्ती कर इलाज किया जायेगा. सिविल सर्जन डॉ वीरेंद्र प्रसाद ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें. बाहर निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढकें, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और अधिक से अधिक पानी पीते रहें. उन्होंने कहा कि बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखें, क्योंकि इन पर गर्मी का असर जल्दी पड़ता है. अगर किसी व्यक्ति को तेज चक्कर, बेहोशी, अत्यधिक प्यास, उल्टी या कमजोरी महसूस हो तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या सदर अस्पताल पहुंचें. अस्पताल प्रशासन ने दावा किया है कि हीट वेव के दौरान हर परिस्थिति से निबटने के लिए पूरी तैयारी कर ली गयी है, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर राहत मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By GURUDUTT NATH

GURUDUTT NATH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >