अब गर्भवती की सेहत का ख्याल रखेगा प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान
गोपालगंज : प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के दौरान जिले के गांव-गांव में ऐसी महिलाओं का ब्योरा एकत्र किया जायेगा, जिससे प्रसव के समय उनको पूरी सुरक्षा दी जा सके. गांव स्तर पर होनेवाले ग्राम स्वास्थ्य और पोषण दिवस पर एएनएम, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ऐसी महिलाओं की सेहत की देखभाल करेंगी. हर सप्ताह के दो दिन होनेवाले टीकाकरण अभियान के दौरान ऐसी महिलाओं को चिह्नित करके संबंधित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया जायेगा, जहां जांच करवायी जायेगी. अभियान का उद्देश्य हाइ रिस्क गर्भवती की सेहत की रक्षा के साथ गर्भ में पल रहे बच्चे की देखभाल करना है. चार माह से अधिक समय वाली गर्भवती को पेट के कीड़ मारने की दवा दी जायेगी, जिससे गर्भस्थ शिशु का विकास न रुकने पाये.
यह होगी जांच : हर माह की नौ तारीख को पीएचसी, सीएचसी, रेफरल अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल, सदर अस्पताल में होनेवाली हाइ रिस्क महिलाओं की जांच के दौरान इनमें हिमोग्लोबिन, एनीमिया, खून की कमी, ब्लड प्रेशर, पेट की जांच समेत कई आवश्यक जांच करायी जायेगी.
महिला स्वास्थ्यकर्मी करेंगी देखभाल : गर्भवती की जांच का जिम्मा महिला स्वास्थ्य कर्मचारी संभालेंगी. आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहयोग करेंगे. ऐसी महिलाओं को हर माह की नौ तारीख को जांच के लिए लाना भी इनकी जिम्मेवारी होगी. प्रसव तक यही कर्मचारी उनकी सेहत का ख्याल रखेंगे. सामान्य प्रसव पीएचसी, सीएचसी,रेफरल अस्पताल पर और खतरा होने पर गर्भवती महिला को सदर अस्पताल लाया जायेगा.
