मौसम. सर्द हवाओं ने डाला डेरा, अब बढ़ेगी गलन
कश्मीर में पिछले दिनों हुई बर्फबारी का प्रभाव अब उत्तर बिहार पर दिखाई देने लगा है. शाम होते ही सर्द हवाएं अपना डेरा जमाने लगी हैं.
गोपालगंज : संडे को राहत की धूप खिली. दिन का तापमान लगातार बढ़ने से आलम यह हो गया था कि दिन के समय लोगों के तन से फुल स्वेटर और जैकेट उतरने लगे. स्टेडियम में बच्चों ने धूप का आनंद लिया, तो महिलाएं कपड़ा धोने और सुखाने में जुटी रहीं. अधिकतर लोगों ने छत पर धूप का मजा लिया. शाम होते ही पारा लुढ़कने लगा.
रात में पारा लुढ़कने से लोगों को परेशानी हो हुई. जैसा की अनुमान लगाया जा रहा था कि 18 दिसंबर से मौसम का मिजाज बदल जायेगा, वैसा ही हुआ. पश्चिमी हवाओं ने रफ्तार पकड़ी. दिन में हवाओं की रफ्तार थोड़ी धीमी हुई. तेज धूप निकलने के कारण भी हवाओं की तीव्रता कम महसूस हुई. मौसम वैज्ञानिक डॉ एसएन पांडेय का कहना है कि हिमालय से आनेवाली हवाएं यहां पहुंच गयी हैं. इसके कारण हवा में काफी नमी है.
दिन में चढ़ा तापमान : धूप निकलने के बाद रविवार के दिन का तापमान अचानक 3 डिसे चढ़ कर 22.3 डिग्री सेल्शियस पर आ गया. न्यूनतम पारा 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. आर्द्रता 95 फीसदी रही. पछिया हवा 8 किमी की रफ्तार से चलती रही.
हफ्ते भर में बदल जायेगा मिजाज : अब पश्चिमी हवाएं सक्रिय हो गयी हैं. मौसम विभाग के मुताबिक अगले एक हफ्ते में मौसम का मिजाज पूरी तरफ बदल जायेगा. एक-दो दिनों में पारा तेजी से नीचे आयेगा. शीतलहर संग कड़ाके की ठंड शुरू हो जायेगी. 22 -23 दिसंबर तक इसका स्पष्ट प्रभाव दिखाई देने लगेगा. 10-12 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी. जल्द ही यह और तेज हो जायेगी.
अधिकतम तापमान 2.6 डिसे चढ़ा
तीन वर्षों का तापमान
वर्ष न्यूनतम अधिकतम
18 दिसंबर 2014 12.4 डिग्री 25.9 डिग्री
18 दिसंबर 2015 11.2 डिग्री 26.5 डिग्री
18 दिसंबर 2016 9.6 डिग्री 22.3 डिग्री
