परेशानी . सर्विस रोड पर गन्ना लदा ट्रक पलटा, हाइवे पर महाजाम
हाइवे को फोर लेन बनाने में जुटी निर्माण एजेंसी के द्वारा सर्विस रोड की मरम्मत नहीं किये जाने के कारण एक बड़ा हादसा होने से बचा है. सर्विस रोड पर गन्ना लदा ट्रक पलटने से पिछले 24 घंटे से महाजाम लगा हुआ है.
सासामुसा : एनएच 28 पर सासामुसा में ओवरब्रिज के समीप बनाये गये सर्विस रोड के जर्जर होने के कारण शुक्रवार की देर शाम गन्ना लदा ट्रक पलट गया. ट्रक के पलटने से सर्विस रोड बंद हो गया. नतीजा हुआ कि पूरा हाइवे जाम से छटपटा उठा.
चालकों ने कोहरे और शीतलहर के बीच हाइवे पर पूरी रात गुजारी. जाम के कारण लगभग 10 किमी हाइवे पर जाम की स्थिति शनिवार की दोपहर तक बनी रही. पुलिस एवं स्थानीय लोगों के सहयोग से जाम को हटाने का प्रयास किया गया. इसके कारण हाइवे पर यात्री वाहनों के परिचालन में भी कठिनाई हुई. ट्रकों की लंबी कतार के कारण बाइक तक लेकर निकल पाना मुश्किल हो गया था. गोरखपुर आने-जाने वाले बसें भी इस जाम की शिकार रहीं. इसके कारण यात्रियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा.
छह माह से जर्जर है सर्विस रोड
सासामुसा में सर्विस रोड पिछले छह माह से जर्जर है. हाइवे के अधिकारी भी इस तरफ कभी ध्यान देना उचित नहीं समझते. इसके कारण छोटे वाहनों का इस जर्जर सड़क से निकल पाना मुश्किल होता था. बड़े वाहनों का परिचालन भी खतरे से खाली नहीं था.
हाइवे जाम से बाजार की सडके भी जाम : सर्विस रोड पर ट्रक पलटने के बाद हाइवे पर महाजाम लगने से सासामुसा बाजार की सड़कें भी जाम हो गयीं. यात्री वाहन इस सड़क से गुजरने लगे.
उधर, चीनी मिल की बैलगाड़ी और ट्रैक्टर की कतार भी जाम को और बढ़ा दिया. कई किसानों को ट्रैक्टर लेकर पूरी रात ठंड में हाइवे पर ही गुजारनी पड़ी.
