दुस्साहस . वारदात को अंजाम देकर भाग निकले अपराधी
मृतक की नहीं हो सकी है शिनाख्त, जांच में जुटी पुलिस
कटेया थाना क्षेत्र के सिधरिया गांव में वारदात से दहशत
पंचदेवरी : यूपी में एक युवक की हत्या कर सोमवार की रात हत्यारों ने शव को कटेया थाना क्षेत्र के सिधरिया नहर के पास फेंक दिया. वारदात के बाद शव को ठिकाने लगा कातिल फरार हो गये. मंगलवार की सुबह नहर के किनारे पड़े अज्ञात शव को देख ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. कटेया पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया. काफी प्रयास के बाद भी जब शव की पहचान नहीं हो सकी, तो पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. कटेया के प्रभारी थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यही लग रहा है कि युवक की हत्या कहीं और की गयी है तथा शव को ठिकाने लगाने की नीयत से यहां लाकर फेंक दिया गया है.
पंचदेवरी की यूपी सीमा से सटे होने के कारण पुलिस हत्या की आशंका यूपी में जता रही है. युवक के शरीर पर जगह-जगह खून के धब्बे भी मिले हैं, जिसे देख पुलिस गंभीर वार कर युवक की हत्या करने की बात कह रही है. इधर, घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त है. शव की शिनाख्त नहीं होने से घटना को लेकर कई तरह की बातें सामने आ रही हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है. पुलिस का कहना है कि जब तक शव की शिनाख्त नहीं हो जाती, हत्या के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हो पायेगा.
पंचदेवरी : कटेया थाना क्षेत्र के सिधरिया नहर के पास मंगलवार की सुबह हत्या कर अज्ञात युवक का शव फेंके जाने की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गयी. ग्रामीणों इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल शुरू कर दी. जांच के दौरान पुलिस को मृत युवक के पॉकेट से भांग की कई गोलियां मिलीं. साक्ष्य के आधार पर पुलिस का मानना है कि नशा खिलाने के बाद युवक पर वार करके उसे मौत के घाट उतार दिया गया है. जहां हत्या कर शव फेंका गया था, वहां से लेकर पास से ही गुजर रहे पंचदेवरी-जमुनहा मुख्य मार्ग तक कई जगह खून के धब्बे दिखाई दे रहे थे.
