वायलिन में प्रथम, बांसुरी में द्वितीय भाषण में तृतीय स्थान पर जमाया कब्जा
गोपालगंज : स्थानीय कलाकारों ने अपनी प्रतिभा की धूम गांव की गलियों से लेकर शहर तक मचा रखी है. कला संस्कृति एवं युवा विभाग के द्वारा आयोजित युवा महोत्सव में भी गोपालगंज के कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया. 15 से 35 वर्ष के कलाकारों ने युवा महोत्सव के दौरान पहले तो जिला स्तर पर अपने कार्यक्रमों की प्रस्तुति की. बेहतर प्रदर्शन को देख जिला स्तर के निर्णायक मंडलों की टीम ने राज्यस्तरीय युवा महोत्सव में शामिल होने के लिए कलाकारों को वैशाली भेजा, जहां पर तीन दिनों तक चलने वाले युवा महोत्सव में गोपालगंज के कलाकार अतुल कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बांसुरी वादन में प्रांजल कुमार ने द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया.
भाषण प्रतियोगिता में गोपालगंज की बेटी ने लहराया परचम : बरौली. हौसले बुलंद हों तो आदमी सितारों को छू सकता है. कुछ ऐसा ही अपने सोच और प्रतिभा का परिचय दिया है जिले की बेटी निवेदिता ने. निवेदिता ने बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ शीर्षक पर पटना में आयोजित व्याख्यान प्रतियोगिता में सूबे में तृतीय स्थान पाया है. बरौली प्रखंड के भड़कुइयां गांव के डाॅ मनोज कुमार तिवारी और मधुबाला देवी की एकमात्र बेटी निवेदिता भारती 12वीं की छात्रा है. वह बिहार महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी भी है. व्याख्यान प्रतियोगिता में निवेदिता चंपारण से अपनी उपस्थिति दर्ज करायी तथा वहां अव्वल स्थान प्राप्त किया. कला संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा इस सफलता पर निवेदिता को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया.
