एसपी के आदेश पर कटेया थाने में कार्रवाई
खुफिया एजेंसियों के कान खड़े, जांच शुरू
कटेया : कटेया प्रखंड के जयपुर टोला सैदपुर गांव के कुछ युवाओं द्वारा पाकिस्तान के टीशर्ट पहन कर प्रदर्शन करने का वीडियो वायरल हुआ. इसे गंभीरता से लेते हुए पुलिस कप्तान रविरंजन कुमार ने कटेया पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई का निर्देश दिया. एसपी के आदेश पर कटेया पुलिस मामले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. इस घटना ने खुफिया एजेंसियों के कान खड़े कर दिये हैं. बता दें कि 12 अक्तूबर को जनता बाजार में जयपुर के कुछ युवकों द्वारा पाकिस्तान क्रिकेट टीम का टीशर्ट पहन कर प्रदर्शन किया गया था. इस दौरान युवकों द्वारा कथित तौर पर भारत विरोधी नारे भी लगाये थे. यह मामला तक सामने आया, जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ युवा पाकिस्तान क्रिकेट टीम का टीशर्ट पहन कर प्रदर्शन करने के साथ ही आतिशबाजी भी कर रहे हैं. वीडियो वायरल होने के बाद 14 अक्तूबर को बगहीं बाजार को बंद कराते हुए घटना का विरोध किया गया था. एसपी ने बताया कि इस मामले में दोषी लोगों के विरूद्ध प्राथमिकी कर ली गयी गयी है. उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.
