भोरे : भोरे के हुस्सेपुर बाजार में आर्या ज्वेलर्स को लूटने पहुंचे अपराधियों को लोगों ने पकड़ कर पीट-पीट कर अधमरा कर पुलिस को सौंप दिया. पुलिस की गिरफ्त में आये अपराधियों ने कई चौंकानेवाले खुलासे किये हैं. पुलिस अपराधियों के खुलासे के बाद अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों अपराधियों को शुक्रवार को जेल भेज दिया. बता दें कि गुरुवार की दोपहर 2.30 बजे भोरे थाना क्षेत्र के हुस्सेपुर बाजार में स्थित आर्या ज्वेलर्स नामक दुकान में गिलास खरीदने पहुंचे, जहां उनकी संदिग्ध गतिविधि को देख कर दुकानदार ने शोर मचाया. इसके बाद बाजार में मौजूद लोगों ने दोनों को पीट-पीट कर अधमरा कर दिया.
बाद में पहुंची पुलिस ने दोनों को कब्जे में लेकर इलाज करवाया. पुलिस की पूछताछ में दोनों ने कई चौंकानेवाले खुलासे किये हैं. पुलिस को दिये अपने बयान में उन्होंने बताया कि उनका संगठित गिरोह लगातार जिले के स्वर्ण व्यवसायियों को अपना निशाना बनाता रहा है.
04 दिसंबर को गोपालगंज शहर के पुरानी चौक स्थित मुन्ना ज्वेलर्स में 60 हजार रुपये के गहने चोरी कर लिये थे. इस संबंध में दुकान के मालिक मनीष कुमार ने नगर थाने में तीन अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी थी. इस संबंध में थानाध्यक्ष सुरेश कुमार यादव ने बताया कि अपराधियों के बयान पर पुलिस कार्रवाई में जुटी है.
