गोपालगंज : या देवी सर्व भूतेषु मातृ रूपेण संस्थिता… आदि शक्ति के बीज मंत्र के जयघोष के साथ सोमवार को मां का दरबार खुलते ही गांव से शहर तक पूरा इलाका भक्ति रस से ओत-प्रोत हो गया. सोमवार को सप्तमी तिथि में दिन के 10.30 बजे से देवी मंदिरों एवं पूजा पंडालों में वैदिक मंत्र गूंजने लगे. धार्मिक रीति-रिवाज से मां का पट खुलते ही श्रद्धालु नर-नारियों की भीड़ पंडालों में एवं मंदिरों में उमड़ पड़ी. पट खुलते ही जिले भर में पूजा-अर्चना एवं दर्शन शुरू हो गया.
बरौली के बढ़ेया मोड़ स्थित नव युवक दुर्गा पूजा समिति समेत अन्य पूजा पंडालों में भी दर्शन-पूजन को भीड़ उमड़ रही है. शहर स्थित कई पंडालों में श्रद्धालु देर रात तक जुटते रहे. मां की सजीली प्रतिमाएं और विभिन्न आकृतियों के बने पंडाल जहां आकर्षण का केंद्र बने हैं. वहीं आस्था एवं भक्ति की चहुंओर बहती बयार के बीच रंगबिरंगी रौशनी से जगमगाते चौक-चौराहे अद्भुत नजारा पेश कर रहे हैं.
