स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दंपती को कुचला, पति की गयी जान

गोपालगंज : मांझा थाना क्षेत्र के कोईनी गांव के समीप एनएच 28 पर अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया, जिससे पति की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि पत्नी को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. मृतक सिधवलिया थाना क्षेत्र के खजुरिया नया टोला निवासी 42 वर्षीय […]

गोपालगंज : मांझा थाना क्षेत्र के कोईनी गांव के समीप एनएच 28 पर अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने बाइक सवार दंपती को कुचल दिया, जिससे पति की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि पत्नी को गंभीर हालत में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मृतक सिधवलिया थाना क्षेत्र के खजुरिया नया टोला निवासी 42 वर्षीय प्रभु प्रसाद थे. हादसे के बाद स्कॉर्पियो सवार गाड़ी लेकर फरार हो गया. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया.
परिजनों ने बताया कि गुरुवार को प्रभु प्रसाद और उनकी पत्नी शांति देवी बाइक से अपने पैतृक गांव जादोपुर के खाप मकसुदपुर आये हुए थे. यहां सीएसपी से पैसा निकालने और कोटा का अनाज उठाव करने के बाद घर जा रहे थे. कोईनी गांव के पास पहुंचते ही अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने कुचल दिया. जिससे मौके पर ही पति की मौत हो गयी, जबकि पत्नी घायल होकर बेहोश हो गयी.
आसपास के लोगों की सूचना पर गश्ती पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया. सिर में अधिक चोट होने के कारण महिला की स्थिति गंभीर बतायी जा रही है. उधर, घटना की सूचना मिलने पर परिजन सदर अस्पताल में पहुंच गये. परिजनों की चीत्कार से अस्पताल परिसर गमगीन हो गया.
इस मामले में अज्ञात चालक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. प्रभु प्रसाद मछली का कारोबार करते थे. जादोपुर के खाप मकसुदपुर में गंडक की त्रासदी के बाद घर नारायणी में विलीन हो गया. इसके बाद सिधवलिया के खजुरिया नया टोला गांव में जाकर बस गये थे. यहां से मछली का कारोबार शुरू किया. प्रभु की मौत के बाद पूरा परिवार मातम में डूबा रहा.
हेलमेट होता तो बच सकती थी जान
प्रभु प्रसाद अपनी पत्नी को बाइक पर बैठाकर सिधवलिया के खजुरिया नया टोला गांव जा रहे थे. दोनों में किसी ने हेलमेट नहीं पहना था. पुलिस के मुताबिक हेलमेट नहीं होने के कारण दोनों के सिर में चोट आयी. प्रभु प्रसाद की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि शांति देवी का इलाज कराया जा रहा है. पुलिस ने हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों को हेलमेट की अहमियत बतायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >