बरौली : बरौली थाना क्षेत्र के बखरौर जद्दी गांव में गुरुवार को खीरा के खेत से होकर जाने पर खेत मालिक ने दो युवकों की बेरहमी से पिटाई की. पिटाई करने के बाद दोनों के शरीर में जगह-जगह चाकू घोंपकर घायल कर दिया.
परिजनों ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बेहोशी की हालत में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने हालत चिंताजनक बताते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल से भी घायल धनंजय प्रसाद को मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया.परिजनों ने बताया कि बाजार से बखरौर जद्दी निवासी धनंजय प्रसाद व उसका दोस्त राजू कुमार घर जा रहे थे.
रास्ते में भुट्टू मियां समेत अन्य लोगों ने अपने खेत से होकर जाने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी. दोनों युवकों ने खेत से होकर दुबारा नहीं जाने की बात कही, इसके बाद भी चाकू से हमला कर दिया गया. दोनों के शरीर पर कई जगह चाकू लगा है, जिससे हालत चिंताजनक बनी हुई है.
इस घटना के बाद से दो पक्षों में तनाव व्याप्त हो गया है. घटना की सूचना पाकर बरौली थाने की पुलिस पहुंच गयी. पुलिस ने घायल युवक के परिजनों से घटना की जानकारी ली. हालांकि आरोपित वारदात के बाद फरार हो चुके थे. बरौली थाने की पुलिस के मुताबिक घटना में कार्रवाई की जा रही है. आक्रोशित परिजनों ने अविलंब कार्रवाई नहीं होने पर सड़क पर उतरने की चेतावनी दी है.
