गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज में एक विवाहिता को पति व ससुराल वालों ने शादी के छह माह बाद ही दहेज में बाइक नहीं मिलने पर उसे मारपीट कर घर से निकाल दिया. पीड़िता ने पति सहित सात लोगों के विरुद्ध मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी के कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराते हुए न्याय की गुहार की है. गोपालगंज थाना क्षेत्र के करवतही गांव की मंजू देवी की शादी सात जून 2018 को गोपालपुर थाना क्षेत्र के लखिखरेया गांव के अमित राय के साथ हुई थी. शादी के समय दहेज में बुलेट बाइक की मांग की गयी थी, लेकिन मांग पूरी नहीं हुई.
वहीं, कटेया थाना क्षेत्र के गुरिया निजामत टोला की रिता देवी की शादी पड़ोसी गांव पिपरा के धनेश्वर सिंह के साथ दो जून 2018 को हुई थी. दहेज में बुलेट बाइक व दो लाख रुपये की मांग को लेकर ससुराल जाने पर विवाहिता को प्रताड़ित किया जाने लगा. मांग पूरी नहीं होने पर दो दिन पूर्व मारपीट कर घर से निकाल दिया गया है. पीड़िता ने पति सहित आधा दर्जन लोगों के विरुद्ध सीजेएम कोर्ट में मुकदमा दर्ज कराया है.
