साजिशकर्ता समेत 18 लोगों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
थावे (गोपालगंज) : थावे थाना क्षेत्र के धतिवना गांव में गुरुवार की सुबह धार्मिक स्थल पर निर्माण कार्य को लेकर दो गुटों के बीच संघर्ष हो गया. उपद्रव की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया गया. हमले में एएसपी विनय तिवारी, थावे थानाध्यक्ष मुकेश कुमार समेत आठ जवान जख्मी हो गये.
वहीं, पुलिस के दो वाहन समेत कई बाइकें क्षतिग्रस्त कर दी गयीं. उपद्रवियों ने एक पुराने मकान में आग भी लगा दी. पुलिस ने इस मामले में साजिशकर्ता समेत 18 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार उपद्रवियों में दो महिलाएं भी शामिल हैं. डीएम अनिमेष कुमार पराशर व एसपी बाबू राम ने स्थिति को संभाला. डीएम ने बताया कि धार्मिक स्थल पर निर्माण को लेकर दो गुटों के बीच तनाव था.
एक पक्ष के लोग तोड़फोड़ करने लगे. थावे थाने की पुलिस पहुंची. पुलिस की संख्या को कम देख उपद्रवियों ने हमला कर दिया. थानेदार को चोटिल देख एएसपी समेत कई थानों की पुलिस पहुंची, लेकिन 200 से 300 की संख्या में मौजूद लोगों ने एएसपी की टीम पर भी हमला कर दिया.
