गोपालगंज : बिहार के गोपालगंज में थावे मंदिर के समीप एनएच 85 पर रविवार की रात चलती स्कॉर्पियो का टॉयर ब्लास्ट होने से आठ लोग घायल हो गये. घायलों में तीन श्रद्धालु भी बताये जा रहे हैं. पुलिस ने इस घटना में चालक समेत स्कॉर्पियो में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. हादसे में एक बाइक, साइकिल समेत लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया है.
पुलिस ने बताया कि रविवार की शाम करीब नौ बजे तेज रफ्तार में जा रही स्कॉर्पियो का टॉयर ब्लास्ट हो गया, जिससे अनियंत्रित होकर लाइन होटल में घुस गयी. होटल में खाना खा रहे तीन श्रद्धालु समेत आठ लोग घायल हो गये. घायलों को पुलिस ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया. गाड़ी मालिक मांझा थाना क्षेत्र के देवापुर पूर्वी टोला निवासी मोतीलाल यादव का पुत्र तेजा यादव बताया गया है, जो गंभीर रूप से घायल है. पुलिस ने हादसे के बाद दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया है.
शराब के नशे में चला रहा था गाड़ी
स्कॉर्पियो में सवार देवापुर पूर्वी टोला निवासी रामशंकर राम के पुत्र तारकेश्वर राम को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ की. पूछताछ के दौरान तारकेश्वर ने बताया कि कविलासपुर के पास से शराब खरीद कर पीने के बाद गाड़ी में सभी लोग बैठे थे. पुलिस ने इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद कार्रवाई शुरू कर दी है.
