गोपालगंज : भागलपुर में करोड़ों रुपये का घोटाला उजागर होने के बाद विभिन्न विभागों के बैंक खातों की जांच के आदेश ने हड़कंप मचा दिया है. कई विभागों में बैंक खाताें की जांच हुई, तो अनियमितता सामने आ सकती है. इधर, मुख्य सचिव का आदेश आते ही जिला प्रशासन कार्रवाई की तैयारी में जुट गया है.
जिलाधिकारी के स्तर पर कार्रवाई के लिए टीम गठित करने की कार्रवाई चल रही है. पूरे प्रकरण की जांच के लिए जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों ने घंटों मंथन किया. माना जा रहा है कि बैंक खातों की जांच में कई विभागों में हुई गड़बड़ी खुल कर सामने आ जायेगी. खास कर भू अर्जन, नगर निकाय, पीएचइडी, गंडक नहर परियोजना, बाढ़ नियंत्रण विभाग
, आइओ पीडब्ल्यूडी, प्रखंड, पंचायत, समाहरणालय स्तर के विभागों के बैंक एकाउंट की जांच होनी है. जानकार सूत्रों ने बताया कि 15 अगस्त के बाद अभियान चला कर बैंक खातों की जांच की जायेगी.
उधर, इस जांच की तैयारी से गड़बड़ करने वाले दर्जनों कर्मियों के हाथ-पांव फूलने लगे हैं.
बचाव की तरकीब सोची जा रही हैं. नगर पंचायत के एक नाजिर को अल्टीमेटम भी दिया गया है. वैसे रिकार्ड को दुरुस्त करने में हर विभाग के अधिकारी से लेकर कर्मी तक जुटे हैं.
जांच की पुष्टि करते हुए विशेष कार्य पदाधिकारी डीपी शाही ने बताया कि 15 अगस्त के बाद एक -एक बैंक खातों की जांच करायी जायेगी. गड़बड़ी होने पर त्वरित कार्रवाई होगी.
मुख्य सचिव के आदेश पर कार्रवाई की तैयारी में जुटा प्रशासन
15 के बाद एक एक बैंक खाते की जांच करायी जायेगी
