रेल मंत्रालय की सख्ती के बाद कार्रवाई शुरू
गोपालगंज : ट्रेनों में अब खाकी की दबंगई नहीं चलेगी. बिना टिकट यात्रा करते पकड़े जाने पर रेलवे तो जुर्माना वसूलेगी ही, विभागीय कार्रवाई भी की जायेगी. रेल मंत्रालय के निर्देश पालन करने के लिए कड़े कदम उठाये गये हैं. 15 अगस्त के बाद बिना टिकट वर्दी वाले बिना टिकट यात्रा करते मिले, तो उन पर कार्रवाई तय है. रेल मंत्रालय के आदेश को लागू करने के लिए पूर्वोत्तर रेलवे के आइजी ने पुलिस अधिकारियों को पत्र लिखा है. इसे निर्देश का सख्ती से पालन करने को कहा गया है. बता दें कि पुलिसकर्मी बिना टिकट के ट्रेन में चलते हैं. कोच में वे दूसरे यात्रियों की आरक्षित सीट पर बैठते हैं.
विरोध करने पर जोर-जबरदस्ती या दुर्व्यवहार करने में भी गुरेज नहीं करते. ऐसे लोगों की हरकत से आम जनमानस में पुलिस के प्रति खराब धारणा बन रही है. इसलिए पुलिसकर्मियों को बिना टिकट ट्रेन में यात्रा करने व दूसरे यात्री की आरक्षित सीट पर बैठने से रोका जाये. जिलों के पुलिस कप्तानों को भी इसकी निगरानी स्वयं करने को कहा गया है. ट्रेन में चलनेवाले पुलिसकर्मियों की शिकायत मिलने पर जांच करा कर आरोपित दारोगा, सिपाही व होमगार्ड के खिलाफ कार्रवाई करें. यात्रियों से भी अपील की गयी है कि ट्रेन में यात्रा के दौरान अगर कोई भी पुलिसकर्मी के द्वारा सीट के लिए दुर्व्यवहार किया जाता है, तो उसकी शिकायत व्हाट्सएप के जरिये तत्काल कर सकते हैं. इतना ही नहीं रेलमंत्री के ट्विटर पर भी इसकी शिकायत सीधे की जा सकती है. विभाग की सख्ती से यात्रियों को काफी राहत मिली है. इसकी पुष्टि करते हुए सीपीआरओ ने बताया कि नियमों के अनुरूप बिना टिकट यात्रा पर रोक लगा दी गयी है.
