गोपालगंज : स्वतंत्रता दिवस व महावीरी झंडा त्योहार नजदीक आते ही पुलिस ने शहर में चौकसी बढ़ा दी है. चौक-चौराहों पर पुलिस की अलग-अलग टीम वाहनों की जांच कर रही है. मंगलवार की शाम से लेकर देर रात तक पुलिस ने स्टेशन रोड में गाड़ी चेकिंग अभियान चलाया. नगर थाना इंस्पेक्टर निगम कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने बिना कागजात करीब 25 बाइकें जब्त कर लीं. हालांकि बाद में कागजात प्रस्तुत करने के बाद वाहन को छोड़ा गया.
वहीं ड्राइविंग लाइसेंस, हेलमेट और इंश्योरेंस फेल होनेवाले चालकों से जुर्माना ऑन द स्पॉट वसूला गया. नगर थाना इंस्पेक्टर ने बताया कि क्राइम कंट्रोल और शराब की तस्करी को रोकने के लिए पुलिस ने शहर में विस्तृत रूप से वाहन चेकिंग अभियान चलाया है. अभियान के तहत छोटी- बड़ी सभी गाड़ियों की जांच की जा रही है. आंबेडकर भवन, जंगलिया चौक, बंजारी चौक, हजियापुर मोड़, अरार चौक तथा गोपालगंज-बड़हरिया पथ पर विशेष रूप से पुलिस चेकिंग अभियान चला रही है. इंस्पेक्टर ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस तक लगातार वाहनों की जांच की जायेगी. जांच के दौरान नगर थाने के पुलिस अधिकारी धर्मेंद्र कुमार, सुबोध कुमार, राम प्रवेश सिंह आदि पुलिस अधिकारियों को लगाया गया है.
