शहर में प्रशासन ने चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान
कचहरी व कलेक्ट्रेट रोड के किनारे लगी दुकानें हटायी गयीं
गोपालगंज : जिला पदाधिकारी के आदेश पर शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया. इसके तहत पुराने जेल रोड सह कचहरी रोड और कलेक्ट्रेट रोड में प्रशासनिक अधिकारियों ने फुटपाथी दुकानों पर बुलडोजर चलाया. सदर सीओ कृष्ण मोहन कुमार और नगर इंस्पेक्टर निगम कुमार वर्मा की देखरेख में पुलिस बल व अन्य कर्मियों ने जेसीबी, ट्रैक्टर व बांस-बल्ले सहित अन्य संसाधनों की सहायता से दुकानों को हटाया. प्रशासन की इस कार्रवाई से फुटपाथी दुकानदारों में हड़कंप मच गया. कई दुकानदार तो खुद ही अपनी दुकानों को हटाने लगे. इससे कचहरी रोड में तो कुछ देर के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया. करीब चार घंटे तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चला और इसमें करीब 60 दुकानों को हटाया गया.
बताया गया कि शनिवार को हाइकोर्ट के न्यायाधीश पुराने जेल परिसर में सिविल कोर्ट भवन के निर्माण कार्य का शिलान्यास करेंगे. शिलान्यास कार्यक्रम में न्यायाधीशों को परिसर तक आने-जाने में कोई परेशानी नहीं हो, इसको लेकर ही जिला प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. इसमें प्रशासनिक व पुलिस अफसर करीब चार घंटे तक लगे रहे और अतिक्रमण हटाया गया. वहीं, अतिक्रमण हटाओ अभियान के कारण कचहरी व कलेक्ट्रेट रोड में काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही, इससे राहगीरों को काफी परेशानी भी झेलनी पड़ी.
