जवानों की तैनाती होने पर डॉक्टरों ने हड़ताल नहीं करने का लिया निर्णय
गोपालगंज : डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सदर अस्पताल में हथियारबंद पांच जवानों को तैनात कर दिया है. बीते शुक्रवार की शाम को ही सदर अस्पताल में जवानों की तैनाती कर दी गयी. जवानों की तैनाती के बाद डॉक्टरों ने पूर्व से घोषित हड़ताल स्थगित कर दिया. शनिवार को ओपीडी व इमरजेंसी सहित अन्य विभागों में कामकाज हुआ. यहां बता दें कि अस्पताल में आये दिनों परिजनों व उपद्रवी तत्वों द्वारा डॉक्टरों व स्वास्थ्यकर्मियों से मारपीट व अभद्र व्यवहार किया जाता है. इसको लेकर डॉक्टरों ने सिविल सर्जन को आवेदन देकर अस्पताल में एक सेक्शन पुलिस बल तैनात कराने की मांग की थी. ऐसा नहीं करने पर 22 जुलाई से हड़ताल करने की चेतावनी दी गयी थी. सदर अस्पताल के डीएस डॉ पीसी प्रभात ने बताया कि जिला प्रशासन ने हथियारबंद पांच जवानों को तैनात कर दिया है.
