हथुआ : भाजपा नेता कृष्णा शाही की हत्या के मामले में नया मोड़ उस समय आ गया है, जब मृत के बड़े भाई उमेश शाही ने कुचायकोट के जदयू विधायक अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पांडेय, इनके बड़े भाई सतीश पांडेय व विधायक के भतीजे जिला पर्षद के अध्यक्ष मुकेश पांडेय पर साजिश के तहत हत्या कराने का आरोप लगाया. उमेश शाही ने मीडिया को दिये बयान में आरोप लगाया है कि पहले से ही हत्या की साजिश रची गयी थी. साजिश के तहत कृष्णा शाही की हत्या करायी गयी.
जिला प्रशासन और सरकार से न्याय चाहिए. साथ ही पूरे परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है. हालांकि इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत समाचार लिखे जाने तक नहीं दी गयी थी. हथुआ के एसडीपीओ मो इम्तेयाज अहमद ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी.
