कुचायकोट : कुचायकोट थाने की पुलिस ने शराब तस्करी को लेकर लगातार छापेमारी अभियान शुरू किया है. सोमवार को पुलिस ने कार समेत शराब के छह धंधेबाजों को गिरफ्तार किया है. थानाध्यक्ष ने बताया कि भठवां मोड़ के पास वाहन जांच के क्रम में कार से 44 बोतल देशी शराब बरामद की गयी. कार्रवाई के दौरान धंधेबाज विशंभरपुर थाने के इशरपट्टी निवासी मंटू सिंह, यूपी के तरेया सुजान थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी रुपेश सिंह को गिरफ्तार किया गया,
जबकि मीरगंज का प्रेम पर्वत फरार हो गया. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद फरार धंधेबाज की तलाश में छापेमारी तेज कर दी है. वहीं, इस कार्रवाई के बाद कुचायकोट की पुलिस ने अमवा पोखरा के पास राजस्थानी होटल के समीप बैग में शराब के साथ चार धंधेबाजों को पकड़ा. पकड़े गये धंधेबाजों में नगर थाना क्षेत्र के राजवाही कॉलोनी निवासी दीपक कुमार के पास से पांच बोतल, गोपेश्वर सिंह के पास से आठ बोतल, मनीष कुमार के पास से 11 बोतल तथा सरेया वार्ड संख्या छह निवासी मनीष कुमार के पास से छह बोतल शराब बरामद की गयी.
