परिजनों ने लगाया समय पर इलाज नहीं कराने का आरोप
पिछले चार वर्षों से मोतिहारी जेल में काट रहा था सजा
सासामुसा: कुचायकोट थाना क्षेत्र के रामपुर दउदा के रहने वाले रामपूजन सिंह की सेंट्रल जेल मोतिहारी में मौत हो गयी. मौत की सूचना पर परिजन जेल पहुंचे. काफी मशक्कत के बाद दूसरे दिन मुजफ्फरपुर मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराया गया. शव घर पहुंचते ही परिजनों में चीत्कार मच गयी. गांव में भी लोग गमगीन हो गये.
बता दें कि सरकारी नाले की जमीन को लेकर रामपूजन सिंह तथा उनके पड़ोसी रूप नारायण सिंह के बीच मारपीट हई थी. इसी दौरान रूप नारायण सिंह की मौत हो गयी. इस मामले में रामपूजन सिंह को उम्र कैद की सजा हुई. चार साल पूर्व उन्हें सेंट्रल जेल मोतिहारी भेज दिया गया, वे 68 वर्ष के थे. अचानक पिछले सप्ताह उनकी तबीयत बिगड़ी.
परिजनों को सूचना मिली, तो जाकर उनकी स्थिति देख कर डॉक्टर से दवा लेकर दे दी. इस बीच गुरुवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गयी,वे गिर पड़े. देर से अस्पताल ले जाने के कारण उनकी मौत होने का आरोप परिजन लगा रहे थे. बाद में जेल प्रशासन शव का पोस्टमार्टम कराने सदर अस्पताल पहुंचा, तो काफी विलंब होने के कारण पोस्टमार्टम के लिए डीएम से परमिशन लेना पड़ा. वीडियोग्राफी के तहत पोस्टमार्टम करने से डॉक्टरों ने इनकार कर दिया. अंत में शुक्रवार को शव मेडिकल कॉलेज भेज कर पोस्टमार्टम कराया गया. मृतक के पुत्र गुडु सिंह, रानू सिंह, मणि सिंह समेत सभी परिवार के लोग सदमें में है.
