बोलेरो की टक्कर से बाइक से फेंका नदी में गिरा युवक, मौत

मोरहर नदी पुल पर भीषण हादसा, विरोध में जीटी रोड जाम

मोरहर नदी पुल पर भीषण हादसा, विरोध में जीटी रोड जाम

हादसे में बाइक सवार दो लोग गंभीर रूप से जख्मी

एक ही बाइक पर महिला सहित तीन लोग थे सवार

जीटी रोड पर जाम की वजह से वाहनों की लगीं लंबी कतारें

बेटी की शादी की तैयारी में जुटे थे बैजनाथ यादव

इसी सिलसिले में गया जी शहर गये हुए थे

प्रतिनिधि, शेरघाटी. शेरघाटी के नयी बाजार स्थित मोरहर नदी पुल पर आमस-शेरघाटी थाना क्षेत्र की सीमा पर सोमवार को सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गयी, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतक की पहचान रौशनगंज थाना क्षेत्र के मगदा गांव निवासी 42 वर्षीय बैजनाथ यादव के रूप में हुई है. वहीं, घायल रमेश यादव झारखंड के पलामू जिले के रंगिया गांव का निवासी बताया गया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बैजनाथ यादव, रमेश यादव और कैली देवी एक ही बाइक पर सवार होकर शेरघाटी से इमामगंज की ओर जा रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज रफ्तार से आ रही बोलेरो ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि बैजनाथ यादव उछलकर पुल से नीचे मोरहर नदी में जा गिरे, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखा घायलों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने बैजनाथ यादव को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल रमेश यादव को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया. इस घटना के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने शव को जीटी रोड पर रखकर जाम कर दिया और मुआवजे की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया. जाम के कारण जीटी रोड पर वाहनों की लंबी कतारें लग गयीं, जिसमें एंबुलेंस, यात्री बस और टूरिस्ट वाहन घंटों फंसे रहे. यात्रियों ने कहा कि हादसे में गलती किसी की भी हो, लेकिन आम लोगों को परेशान होना पड़ता है. प्रशासन को ऐसी घटनाओं में त्वरित कार्रवाई और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए.

अधिकारियों की पहल पर जाम समाप्त

सूचना मिलने पर शेरघाटी थानाध्यक्ष मोहन कुमार, आमस थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह, अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं बीडीओ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने परिजनों को हर संभव सरकारी सहायता और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ और यातायात सामान्य हो सका.

शादी की खरीदारी करने गये थे गया

जानकारी के अनुसार, बैजनाथ यादव अपनी पुत्री की शादी की तैयारी में लगे थे, जिसकी शादी शायद इस सप्ताह बाद होनी थी. बताया जाता है कि वे लोग गया से शादी की खरीदारी कर लौट रहे थे. घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी कविता देवी, पुत्री, छोटा पुत्र ललेश कुमार और वृद्ध मां समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Roshan Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >