सोशल मीडिया पर हथियार के साथ वीडियो डालना पड़ा महंगा, अवैध कट्टा और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

Gaya Ji News : बोधगया में सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ वीडियो और फोटो वायरल कर दहशत फैलाने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध कट्टा, जिंदा कारतूस, बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किया है.

Gaya Ji News : सोशल मीडिया पर अवैध हथियार के साथ फोटो और वीडियो वायरल कर लोगों में दहशत फैलाने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बोधगया के टेकुना फॉर्म के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से एक अवैध कट्टा, एक जिंदा कारतूस, वीडियो बनाने में प्रयुक्त बाइक और मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है.

एसटीएफ की सूचना पर हुई कार्रवाई

एसएसपी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक युवक का अवैध हथियार के साथ फोटो और वीडियो वायरल होने की सूचना एसटीएफ के माध्यम से पुलिस को मिली थी. इसके बाद बोधगया थाना पुलिस को कार्रवाई की जिम्मेदारी सौंपी गई. एसटीएफ के सहयोग से टेकुना फॉर्म के पास छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

फतेहपुर का रहने वाला है आरोपी

गिरफ्तार युवक की पहचान फतेहपुर थाना क्षेत्र के बहसा पिपरा गांव निवासी बेलू पासवान उर्फ धीरज पासवान के रूप में हुई है. तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके द्वारा छिपाकर रखा गया एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया. साथ ही वीडियो बनाने में इस्तेमाल की गई बाइक और मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया.

वर्चस्व दिखाने के लिए बनाया था वीडियो

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने क्षेत्र में अपना वर्चस्व कायम करने और लोगों में भय का माहौल बनाने के उद्देश्य से अवैध हथियार के साथ फोटो और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था.

केस दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजा गया

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया. अदालत के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.

Also Read : शेखपुरा रहा बिहार का सबसे गर्म जिला, 37.7°C तापमान के बाद बारिश से मिली राहत


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Kalendra pratap singh

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >