तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के चकमा देने से बाइक सवार युवक की गिरकर मौत
GAYA NEWS.आंती थाना क्षेत्र के दौरमा-सिमरहुआ पथ पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी. घटना दौरमा अहरा के पास सुबह करीब 4 बजे की बतायी जा रही है.
गया के कोंच से श्रीनिवास कुमार की रिपोर्ट
आंती थाना क्षेत्र के दौरमा-सिमरहुआ पथ पर सोमवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गयी. घटना दौरमा अहरा के पास सुबह करीब 4 बजे की बतायी जा रही है.जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के चकमा देने से बाइक सवार संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया.घटना के बाद आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल युवक को इलाज के लिए गया एम्स पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.मृतक की पहचान दौरमा गांव निवासी बिशु रजक के पुत्र अमित रजक के रूप में हुई है. बताया जाता है कि अमित रजक अपने रिश्तेदार के घर चौथईया गांव से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ.घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और स्कॉर्पियो वाहन की पहचान करने का प्रयास कर रही है.