बोधगया में रॉन्ग साइड से आ रहे हाइवा ने भाई-बहन रौंदा, मौके पर मौत; चालक फरार

बोधगया के डोभी-पटना फोरलेन पर भीषण सड़क दुर्घटना में एक भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई. रॉन्ग साइड से आ रहे बेकाबू बालू लदे हाइवा ने उन्हें कुचल दिया. पुलिस ने हाइवा जब्त कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है.

Bodh Gaya Highway Accident : डोभी-पटना फोरलेन पर मंगलवार शाम करीब 4:15 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गयी. मगध विश्वविद्यालय (एमयू) के मुख्य गेट के सामने गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे एक बालू लदे अनियंत्रित हाइवा ने दोनों को कुचल दिया. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाइवा को जब्त कर लिया है.

हॉस्टल में रह रहे बेटे से मिलने जा रही थी बहन

मृतक की पहचान बोधगया के पचहट्टी मुहल्ला निवासी करीब 16 वर्षीय सौरव कुमार के रूप में हुई है. वह अपनी बहन को बाइक पर बैठाकर एमयू के पास ही बापू नगर स्थित एक आवासीय स्कूल जा रहा था, जहां उसकी बहन रंजु देवी का बेटा स्कूल के हॉस्टल में रह कर पढ़ाई कर रहा है.

मगध विश्वविद्यालय के मुख्य गेट के सामने हादसे के बाद सड़क पर जुटी भीड़ और पुलिस

रंजु देवी अपने बेटे से मिलने जा रही थी व इसे लेकर वह अपने चचेरे भाई सौरभ को स्कूल पहुंचाने को बोली थी. एमयू गेट से बाहर निकलकर सड़क पर आते ही उत्तर दिशा से आ रहे हाइवा ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में दोनों की मौके पर ही जान चली गई, हालांकि बाइक को कोई विशेष नुकसान नहीं हुआ.


हादसे के बाद बाइक के पास जुटी लोगों की भीड़

फ्लाइओवर पर हाइवा छोड़कर फरार हुआ चालक

दुर्घटना को अंजाम देने के बाद हाइवा चालक ने वाहन समेत भागने का प्रयास किया. जब स्थानीय लोगों ने उसका पीछा किया, तो बालू लदे होने के कारण वह गाड़ी तेज नहीं भगा सका. खुद को घिरता देख ड्राइवर एमयू के समीप फ्लाइओवर पर हाइवा खड़ी कर मौके से फरार हो गया.

यातायात बाधित, पुलिस ने की कार्रवाई

हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ देर के लिए गाड़ियों की आवाजाही बाधित रही, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. सूचना मिलने पर मगध विश्वविद्यालय थाना पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची.

थानाध्यक्ष संदीप चौहान ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त करने वाले हाइवा को जब्त कर लिया गया है. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल अस्पताल भेज दिया है. फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

छात्र नेताओं का धरना और ट्रॉली लगाकर यातायात बहाल

घटना के करीब एक घंटे के बाद मगध विश्वविद्यालय के छात्र नेता सड़क पर आवाजाही बंद करते हुए धरने पर बैठ गये.

उनका कहना था कि अमूमन हर दिन यहां हादसे हो रहे हैं, फिर भी प्रशासन कोई इंतजाम नहीं कर रहा है. इसके बाद एमयू थानाध्यक्ष संदीप चौहान व यातायात थानाध्यक्ष याकूब खान पहुंचे और उन्हें समझाया.

पुलिस ने तत्काल रूप से सड़क पर ट्रॉली रख कर गति अवरोधक बनाया है और आने वाले दिनों में गाड़ियों की स्पीड कम करने को लेकर अन्य उपाय करने का भी आश्वासन दिया. इसके बाद आवाजाही बहाल हो सकी. सड़क पर बैठने वालों में दीपक कुमार दांगी, कमलेश कुमार, संतोष कुमार सोनू सहित अन्य शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By कलेंद्र प्रताप सिंह

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >