गया जी के वजीरगंज प्रखंड अंतर्गत कुर्किहार पंचायत के एकता नगर में शनिवार को बिजली के तार की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई. मृतक की पहचान एकता नगर निवासी बबलू चौधरी के पांच वर्षीय पुत्र बिक्की कुमार के रूप में हुई है.
घर के अंदर घटी दुर्भाग्यपूर्ण घटना
जानकारी के अनुसार, बिक्की कुमार अपने घर में था, और इसी दौरान वह अचानक बिजली के तार की चपेट में आ गया. करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया, जिससे उसकी स्थिति काफी नाजुक हो गई थी.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने की पुष्टि
घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वजीरगंज पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ अमरजीत गौरव व डॉ संजय कुमार ने स्वास्थ्य जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया.
Also Read : गया जी से साउथ इंडिया का सफर हुआ और आसान, कोयम्बत्तूर के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस शुरू
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के लोग भी मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी.
ग्रामीणों में शोक और सुरक्षा की मांग
विक्की कुमार की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है तथा एकता नगर सहित कुर्किहार पंचायत क्षेत्र में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने बिजली के तारों एवं विद्युत व्यवस्था में सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
