गया जी : केला दोबारा लेने को लेकर गुरारू में छात्र की गला दबाकर पिटाई का आरोप, ग्रामीणों ने स्कूल में जड़ा ताला

गया जी के गुरारू प्रखंड में एक छात्र को कथित तौर पर केला मांगने पर नाइट गार्ड द्वारा पीटने का मामला सामने आया है. इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने स्कूल के गेट पर ताला जड़ दिया और आरोपी गार्ड पर कार्रवाई की मांग की.

गया जी के गुरारू प्रखंड के बरोरह गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में सातवीं कक्षा के छात्र के साथ मारपीट के आरोप में शनिवार को ग्रामीणों ने विद्यालय में मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया.

ग्रामीणों का आरोप है कि शुक्रवार की शाम करीब तीन बजे केला दोबारा लेने को लेकर हुए विवाद में स्कूल में तैनात नाइट गार्ड ने छात्र ओम कुमार (पिता-देवशरण चंद्रवंशी) का गला दबाकर मारपीट की, जिसके बाद छात्र की तबीयत बिगड़ गई और उसका इलाज गया स्थित मगध मेडिकल अस्पताल में चल रहा है.

छात्र की बिगड़ी तबीयत और ग्रामीणों का आक्रोश

घटना की जानकारी मिलने के बाद शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और छात्र विद्यालय परिसर में एकत्रित हो गए. ग्रामीणों ने स्कूल में ताला लगाकर आरोपी नाइट गार्ड के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की, और साथ ही प्रधानाध्यापक को भी दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग रखी, जिससे प्रशासनिक महकमे में भी हड़कंप मच गया.

स्कूल के गेट पर ताला बंद कर हंगामा करते ग्रामीण. | Prabhat Khabar Network

अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों को समझाने का प्रयास

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ संभव कुमार सिंह, सीओ तरुण कुमार रंजन व बीईओ रंजीत कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी विद्यालय पहुंचे और आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराने का प्रयास किया.

बीईओ ने ग्रामीणों से लिखित आवेदन देने को कहा और विद्यालय का ताला खोलने का अनुरोध किया ताकि मामले की जांच की जा सके, लेकिन ग्रामीणों ने ताला खोलने से इनकार कर दिया.

पूरे दिन ठप रहा पठन-पाठन का कार्य

स्कूल में ताला बंद रहने के कारण पूरे दिन विद्यालय का पठन-पाठन का कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा. अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बयान

बीडीओ संभव कुमार सिंह ने कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी. वहीं, प्रखंड 20 सूत्री उपाध्यक्ष संजय कुमार चंद्रवंशी ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि बच्चों के साथ इस तरह की मारपीट करना बेहद गलत है और दोषी लोगों पर त्वरित कार्रवाई होनी चाहिए.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुमित कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >