OTA Gaya Passing Out Parade 2026 : ऑफिसर्स ट्रेनिंग एकेडमी (ओटीए) में पांच सितंबर को 29वीं पासिंग आउट परेड का भव्य आयोजन किया जायेगा. इस ऐतिहासिक अवसर पर करीब 255 कैडेट्स प्रशिक्षण का अंतिम पग पार करेंगे और भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में शामिल होंगे.
पांच सितंबर को ओटीए के परेड मैदान में पासिंग आउट परेड आयोजित होगी, जिसकी पूर्व संध्या पर चार सितंबर को लक्ष्मीबाई स्टेडियम में मल्टी एक्टिविटी डिस्प्ले (मैड) का आयोजन होगा.
इस बार पासिंग आउट परेड के मुख्य अतिथि (निरीक्षी अधिकारी) वियतनाम पीपुल्स आर्मी के डिप्टी चीफ ऑफ जनरल स्टाफ लेफ्टिनेंट जनरल ले वान हुआंग होंगे.
1 सितंबर को आयोजित होगी कमांडेंट अवॉर्ड सेरेमनी
मुख्य पासिंग आउट परेड से पहले ओटीए में एक सितंबर को कमांडेंट अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन किया जायेगा. इस समारोह में प्रशिक्षण अवधि के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स को सम्मानित किया जायेगा.
अकादमिक, शारीरिक प्रशिक्षण, सैन्य कौशल व अन्य क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले कैडेट्स के हौसला अफजाई के लिए इस मौके पर ओटीए कमांडेंट पुरस्कृत करते हैं.
अभिभावकों के लिए लगातार तीसरी बार गौरव पदक सम्मान समारोह
पासिंग आउट परेड की पूर्व संध्या पर ओटीए में शुरू की गयी विशेष परंपरा को इस बार भी आगे बढ़ाया जायेगा.
लगातार तीसरी बार गौरव पदक सम्मान समारोह आयोजित कर उन अभिभावकों को सम्मानित किया जायेगा, जिन्होंने अपने बेटे-बेटियों को देश सेवा के लिए भारतीय सेना को समर्पित किया है. समारोह में अभिभावकों को गौरव पदक प्रदान किया जायेगा.
महिला कैडेट्स का होगा चौथा पासिंग आउट परेड
ओटीए गया में महिला कैडेट्स का इस बार चौथा पासिंग आउट परेड होगा. मार्च 2025 में आयोजित 26वीं पासिंग आउट परेड में पहली बार 18 महिला कैडेट्स, सितंबर 2025 में 27वीं पासिंग आउट परेड में 23 महिला कैडेट्स और मार्च 2026 में 28वीं पासिंग आउट परेड में 28 महिला कैडेट्स सेना में अधिकारी बनी थीं. वर्तमान में यहां SSC टेक्निकल के महिला एवं पुरुष कैडेट्स को आधुनिक सैन्य प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है
