Gaya Ji News: गया जी के गुरारू प्रखंड क्षेत्र के सुदर्शन बिगहा गांव में बुधवार की शाम तेज गर्जना और बारिश के दौरान आकाशीय बिजली (ठनका) गिरने से गांव का बिजली ट्रांसफॉर्मर जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. ट्रांसफॉर्मर जलने से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति अचानक ठप हो गई, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. बिजली गुल होने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कामकाज, बच्चों की पढ़ाई और मोबाइल चार्जिंग जैसी बुनियादी दैनिक गतिविधियां प्रभावित हो गई हैं.
गर्मी और अंधेरे में रात बिताने को मजबूर ग्रामीण
भाजपा प्रखंड मंडल अध्यक्ष राजदेव प्रसाद राजू ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बारिश के दौरान सीधे ट्रांसफॉर्मर पर ही ठनका गिर गया, जिससे वह जल गया. उन्होंने बताया कि घटना की तत्काल सूचना विद्युत विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है और नए ट्रांसफॉर्मर की मांग की गई है. बिजली न रहने से ग्रामीणों को उमस भरी गर्मी और अंधेरे के बीच रात गुजारनी पड़ रही है. ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से बिना किसी देरी के नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर आपूर्ति बहाल करने की पुरजोर मांग की है.
विभागीय आश्वासन
घटना के बाद विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द से जल्द नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर गांव की बिजली आपूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है.
