बिहार सरकार द्वारा चलाए जा रहे विशेष भूमि सर्वेक्षण अभियान के तहत टिकारी प्रखंड की केसपा पंचायत में सर्वेक्षण का कार्य जारी है. हालांकि मानसून के कारण खेतों में पानी और कीचड़ भर जाने से सर्वेक्षण दल तथा किसानों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है.
इन दिनों क्षेत्र के अधिकांश किसान धान की रोपाई में व्यस्त हैं. खेतों में पानी भरे होने के कारण सीमांकन एवं नापी का कार्य प्रभावित हो रहा है.
बरसात समाप्त होने तक कार्य स्थगित करने की मांग
गांव के कई किसानों व सामाजिक कार्यकर्ता हिमांशु शेखर ने संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि बरसात समाप्त होने तक भूमि सर्वेक्षण का कार्य अस्थायी रूप से स्थगित किया जाए. उन्होंने कहा है कि मॉनसून के दौरान किये गये सर्वेक्षण में त्रुटियों और विवादों की संभावना बढ़ जाती है.
शुष्क मौसम में सर्वेक्षण कराने पर जोर
यदि सर्वेक्षण शुष्क मौसम में कराया जाए तो किसानों की भागीदारी अधिक होगी और नापी कार्य भी अधिक सटीक एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सकेगा.
