Gaya Ji Theft News : टिकारी शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं. ताजा मामला बेलवन ठाकुरबाड़ी के समीप का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक सेवानिवृत्त इंटर स्कूल के शिक्षक के बंद घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. मालूम हो कि गृह स्वामी वर्तमान में अपने गांव गए हुए थे. वहीं, भीषण गर्मी अधिक होने के कारण उनका पुत्र ऊपर छत पर बने कमरे में सोया हुआ था. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सूने घर में आसानी से धावा बोल दिया.
खिड़की की ग्रिल उखाड़कर घुसे चोर
चोरों ने मुख्य कमरे की खिड़की का लोहे का ग्रिल उखाड़कर भीतर प्रवेश किया. इसके बाद उन्होंने कमरे में रखी अलमारी तथा बक्सों का ताला तोड़ दिया. चोरों ने बक्से और अलमारी खंगालते हुए उसमें रखे नगद 60 हजार रुपये की राशि के साथ सोने-चांदी के कीमती जेवरात समेटे और सुरक्षित फरार हो गए. घटना की जानकारी परिजनों को उस समय हुई जब पीड़ित शिक्षक का पुत्र सुबह होने पर ऊपर के कमरे से नीचे उतरा. नीचे आने पर उसने देखा कि घर के अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली हुई थी.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घर की हालत देखकर पीड़ित के पुत्र ने तत्काल स्थानीय टिकारी थाना पुलिस को इस घटना की सूचना दी. चोरी की बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस बल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा और गहन जांच शुरू कर दी. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना कर वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया है, ताकि चोरों का कोई सुराग हाथ लग सके.
पुलिस गश्ती बढ़ाने की उठी मांग
इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि टिकारी क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आम लोगों में भारी भय का माहौल व्याप्त है. स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात में पुलिस गश्ती को और अधिक बढ़ाने तथा इस चोरी में शामिल शातिर चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी करने की मांग की है. वहीं, मामले पर पुलिस का कहना है कि दर्ज शिकायत के आधार पर पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
