शेरघाटी. शेरघाटी शहर के गोला बाजार रोड स्थित सत्संग नगर मुहल्ले के निकट पुरानीचट्टी रोड में एचडीएफसी बैंक के सीएचसी में घुसकर गाली-गलौज, रंगदारी व गोली मार देने की धमकी देने के बाद आसपास के लोगों ने एक युवक को पड़कर पुलिस को सौंप दिया. घटना मंगलवार की दोपहर करीब एक बजे की बतायी जाती है. सीएचसी संचालक विकास कुमार सिंह ने बताया कि तीन लोग आये. इसमें दो लोग बाहर सड़क पर खड़े थे. एक युवक सीएचसी के अंदर आया और उसने खाता खोलने की बात कही. वह बैठकर बात कर रहा था हमने उसे डॉक्यूमेंट की मांग की. इसके बाद हम अपने काम में व्यस्त हो गये तो वह बैंक का वीडियो व उनका फोटो खींचने लगा. जब मना किया और फोटो वीडियो डिलिट करने को कहा तो वह उनके साथ उलझ गया और हाथापाई करने लगा. इसी दौरान जब पुलिस को फोन करना चाहा तो उसने मोबाइल छीन कर पटक दिया. इससे उनका मोबाइल फोन टूट गया. उसकी इस हरकत को देखकर शोर मचाया तब जाकर आसपास के लोग जमा हुए और उसे पकड़ लिया. इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया. सीएचसी संचालक विकास कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी मनोज कुमार गया के खरखुरा का रहने वाला है. उसके मोबाइल में पहले से उनका फोटो एवं सड़क से लेकर सीएचसी तक वीडियो बना हुआ है. जिसको देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि वह रेकी कर रहा था. इधर थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि पुलिस जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
