Gaya news : मंशा लूटपाट या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस

जीटी रोड पर व्यवसायी ससुर-दामाद को गोली मार कर लूटपाट का मामला

रोशन कुमार, गया

बाराचट्टी थाना क्षेत्र में मंगलवार की देर रात गोली के शिकार हुए व्यवसायी विजय प्रसाद मेदांता अस्पताल में जीवन व मौत के बीच जूझ रहे हैं. हालांकि, इनके इलाज को लेकर इनके रिश्तेदार प्रमोद लड्डू भंडार के मालिक प्रमोद कुमार भदानी लगातार नजर रखे हुए हैं. मेदांता अस्पताल के वरीय चिकित्सकों से प्रमोद कुमार भदानी हर घंटे फीडबैक ले रहे हैं. बुधवार की रात साढ़े नौ बजे तक चिकित्सकों ने बताया है कि अब धीरे-धीरे उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है. लेकिन, अभी ऐसी स्थिति नहीं है कि उनके शरीर में लगी तीनों गोलियों को निकाला जा सके. समय आने पर उनकी शारीरिक स्थिति को देखते हुए तीनों गोलियों को शरीर से निकाला जायेगा.

पहले दामाद को अपहरण करने का किया प्रयास, बचाने में ससुर पर किया हमला

जीटी रोड पर लूटपाट की घटनाएं होती रहती हैं. हाल के महीनों में जीटी रोड पर इस प्रकार की घटना नहीं हुई. साथ ही अबतक इस गोलीकांड की छानबीन में लगे सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल, शेरघाटी डीएसपी संजीत कुमार प्रभात, बाराचट्टी थानाध्यक्ष सहित एसएसपी के द्वारा गठित विशेष टीम में शामिल टेक्निकल सेल के पुलिस पदाधिकारियों ने कई प्रकार के सवालों की सूची तैयार की है, ताकि उन अपराधियों की पहचान हो सके और उन्हें गिरफ्तार किया जा सके. लेकिन, लगातार हो रही छानबीन में पुलिस को यह भी स्पष्ट नहीं हो रहा है कि हमलावरों की मंशा क्या थी. हमलावरों की मंशा लूटपाट करना था या वे किसी और मकसद से आये थे. हमलावरों के निशाने पर सिर्फ ससुर विजय प्रसाद थे या दामाद मितेश कुमार गुप्ता भी. घटनास्थल पर मौजूद ससुर विजय प्रसाद व दामाद मितेश कुमार गुप्ता में से पहले अपराधियों ने दामाद पर हमला किया और गरदन पकड़ते हुए कहा कि इसे जंगल में ले चलो और उसे बाहर खींचने लगे. अपने दामाद को अपराधियों के चंगुल में देख ससुर गाड़ी में रखे एक डंडा लेकर उतरे और अपराधियों से भिड़ गये, ताकि अपने दामाद को बचा सके. अपराधियों व ससुर के बीच हुई हाथापाही व मारपीट में अपराधियों ने ससुर को तीन गोली मार दी. वहीं, दामाद पर भी गोली चलायी, तो उन्हें कनपट्टी को छूते हुए बाहर से बाहर गोली चली गयी. इससे दामाद के कनपट्टी पर खरोंच के निशान हुए हैं.

कई सवालों की जवाब जानने की तैयारी कर रही है पुलिस

अब सवाल है कि अपराधियों ने हमला किया तो पहले न तो दामाद से रुपये व मोबाइल फोन मांगा और न ही ससुर से. हमलावरों ने वहां लूटपाट की कोई बातचीत या धमकी नहीं दी. सीधे दामाद को पकड़ा और जंगल की ओर ले जाने लगे. यही बात पुलिस पदाधिकारियों को भी नहीं पच रही है कि आखिर जीटी रोड पर गाड़ी का पंचर होना, पंचर बन जाने के बाद जब जाने की स्थिति हुई तो जंगल से निकल कर हमला करना और हमला भी सिर्फ दामाद पर करना और लूटपाट करने के बजाय जंगल की ओर खींच कर ले जाने का प्रयास करना, इन सभी बातों से इस कांड की छानबीन में जुटे पुलिस पदाधिकारी भी अचंभित हैं और यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आखिर अपराधियों की मंशा क्या थी.

क्या कहते हैं सिटी एसपी

सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल ने बताया कि दामाद का मोबाइल फोन अपराधियों ने ले लिया है. उस मोबाइल फोन का सीडीआर निकला लिया है. उससे पता चला रहा है कि अपराधी झारखंड के बरही की ओर भागे हैं और 10 किलोमीटर के बाद मोबाइल फोन स्वीच्ड ऑफ हो गया है. उन्होंने बताया कि हर बिंदु पर छानबीन की जा रही है.

जमशेदपुर के शाक्ची मंडी जा रहे थे ससुर-दामाद

पीड़ित व्यवसायी मितेश कुमार गुप्ता ने बताया कि वह अपने वाहन पर लहसुन लोड कर उसे बेचने जमशेदपुर के शाक्ची मंडी जा रहे थे. वहीं, उनके साथ वाहन में उनके ससुर विजय प्रसाद भी बैठै थे. साली खुशबु कुमारी की शादी को लेकर उनके ससुर टाटा जा रहे थे. वहां उन्हें लड़केवालों से मिलना था. लेकिन, जीटी रोड पर उनकी गाड़ी पंचर हो गयी. पंचर बनाने के दौरान जंगल से निकल अपराधियों ने उन दोनों पर लूटपाट की नीयत से हमला कर दिया. इसका विरोध करने पर अपराधियों ने उनके ससुर विजय प्रसाद को तीन गोली मार दी.

डायल 112 की पुलिस ने की त्वरित मदद

घटना की जानकारी पाते ही घटनास्थल पर डायल 112 की पुलिस वहां पहुंची और तीन-तीन गोली का शिकार हुए व्यवसायी विजय प्रसाद को बाराचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया. वहां पहुंची बाराचट्टी थाने की पुलिस के सहयोग से उन्हें बेहतर इलाज को लेकर देर रात ही मगध मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहीं, देर रात घटना की जानकारी पाते ही प्रमोद लड्डू भंडार के मालिक प्रमोद कुमार भदानी अपने भतीजा के साथ मगध मेडिकल अस्पताल पहुंचे और सिटी एसपी रामानंद कुमार कौशल सहित अन्य वरीय अधिकारियों के बातचीत कर पूरी घटना से अवगत कराया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: PANCHDEV KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >