गया. गया बार एसोसिएशन के सत्र 2025-27 चुनाव के लिए रिटर्निंग ऑफिसर मुकेश चंद्र सिन्हा ने चुनाव से संबंधित अधिसूचना जारी कर दी है. चुनाव से संबंधित अधिसूचना में उन्होंने कहा है कि गया बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं का किसी भी तरह का बकाया शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि आठ मार्च कर दी गयी है. गौरतलब है कि यह तिथि पहले पांच मार्च तक ही थी. जिसे बढ़ाकर आठ मार्च कर दिया गया है. रिटर्निंग पदाधिकारी ने यह भी बताया कि कुल 25 पदों के लिए यह चुनाव होना है. इसमें अध्यक्ष के एक, उपाध्यक्ष के तीन, सचिव के एक , कोषाध्यक्ष के एक, अंकेशक के एक, संयुक्त सचिव के तीन, सहायक सचिव के लिए तीन, कार्यकारिणी सदस्य के लिए सात व वरीय कार्यकारिणी सदस्य के लिए पांच पदों पर चुनाव कराया जायेगा. इन सभी पदों के लिए 17 अप्रैल को चुनाव संपन्न कराया जायेगा. इसके लिए मतदाता सूची का प्रकाशन 10 मार्च को, मतदाता सूची में आपत्ति का निस्तारण 17 मार्च तक तथा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 20 मार्च तक होगा. चुनाव के लिए संभावित अधिवक्ता उम्मीदवार 24 से 27 मार्च तक नामांकन जमा कर सकते हैं. 28 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी. तथा 29 मार्च तक नामांकन वापसी कर सकते हैं. 17 अप्रैल की संध्या मतगणना का कार्य शुरू कर दिया जायेगा. मतदान के लिए सभी अधिवक्ता उम्मीदवार बिहार राज्य विधिज्ञ परिषद, पटना, का पहचान पत्र तथा गया बार एसोसिएशन के द्वारा निर्गत पहचान पत्र चुनाव हेतु मान्य होगा. इस मौके पर रिटर्निंग पदाधिकारी मुकेश चंद्र सिन्हा ,सहायक रिटर्निंग पदाधिकारी मिथिलेश कुमार सिन्हा, सूरज प्रकाश, विजय कुमार, आशुतोष पांडे ,राजेंद्र कुमार, तथा गौतम शर्मा उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
