शगुन सिलाई घर से 1400 दीदियों को मिला सीधा रोजगार, महानंदा चायपत्ती उत्पादन की हुई तारीफ
जीविका समूहों को 2 अरब 42 करोड़ से अधिक का बैंक लिंकेज व सामुदायिक निवेश निधि प्रदान
किशनगंज. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ठाकुरगंज प्रखंड के चुरली में पावर सब स्टेशन परिसर में लगे जीविका स्टॉल का निरीक्षण किया. इस मौके पर जीविका स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा संचालित विभिन्न जीविकोपार्जन गतिविधियों की प्रदर्शनी लगायी गयी. जीविका दीदियों के स्टॉल व उनके कार्यों ने मुख्यमंत्री का मन मोह लिया. इस अवसर पर जीविका दीदियों द्वारा संचालित टी प्रोसेसिंग एंड पैकेजिंग इकाई, पोठिया का मॉडल प्रदर्शित किया गया.
मुख्यमंत्री ने महानंदा लीफ चायपत्ती के उत्पादन में जीविका दीदियों की भूमिका की सराहना की. किशनगंज की दीदियां अब चायपत्ती की खेती व पत्ता तोड़ने के साथ-साथ फैक्ट्री में उत्पादन का कार्य भी कर रही हैं. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने किशनगंज प्रखंड के शगुन जीविका दीदी सिलाई घर का शुभारंभ डमी चाबी देकर किया. इस केंद्र से लगभग 1400 जीविका दीदियों को सीधे तौर पर रोजगार मिला है, जहां आंगनवाड़ी व आवासीय विद्यालय के बच्चों के पोशाक सिले जाएंगे. प्रदर्शनी में कृषि उद्यमी सुनीता दीदी ने उन्नत कृषि तकनीक व नर्सरी का मॉडल दिखाया, जबकि टेढ़ागाछ की फूल कुमारी दीदी ने जूट से निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी लगायी व मुख्यमंत्री को जूट का मोमेंटो भेंट किया. किशनगंज सदर की असीना दीदी ने ओखली में तैयार मसालों का प्रदर्शन किया. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर 13,375 जीविका समूहों को बैंक लिंकेज के तहत 2 अरब 42 करोड़ 64 लाख रुपये व 2,556 समूहों को सामुदायिक निवेश निधि के रूप में 21 करोड़ 23 लाख 20 हजार रुपये का डमी चेक प्रदान किया. इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने सतत जीविकोपार्जन योजना के 256 लाभार्थियों को 2 करोड़ 22 लाख 30 हजार रुपये की राशि दी. उन्होंने ठाकुरगंज के भोगडाबर में सामुदायिक पुस्तकालय सह करियर विकास केंद्र का भी शुभारंभ किया. इस अवसर पर जीविका के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी हिमांशु शर्मा, अपर मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी अभिलाषा शर्मा, डीपीएम अनुराधा चंद्रा सहित कई अधिकारी व बड़ी संख्या में जीविका दीदियां उपस्थित रहीं.