गया जंक्शन पर उमड़ी भीड़, डीडीयू के लिए आनन-फानन में चलानी पड़ी स्पेशल ट्रेन

होली का त्योहार खत्म होते ही अपने कार्यस्थलों पर लौटने वालों की भारी भीड़ मंगलवार को गया जंक्शन पर टूट पड़ी. प्लेटफॉर्म से लेकर टिकट काउंटरों तक यात्रियों की लंबी कतारें और अफरातफरी का माहौल बन गया.

गया जी. होली का त्योहार खत्म होते ही अपने कार्यस्थलों पर लौटने वालों की भारी भीड़ मंगलवार को गया जंक्शन पर टूट पड़ी. प्लेटफॉर्म से लेकर टिकट काउंटरों तक यात्रियों की लंबी कतारें और अफरातफरी का माहौल बन गया. अचानक बढ़े इस पोस्ट-होली रश को देखते हुए और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए रेलवे प्रशासन को त्वरित निर्णय लेते हुए एक स्पेशल ट्रेन चलानी पड़ी. स्टेशन पर भीड़ के भारी दबाव और यात्रियों की परेशानी को भांपते हुए रेलवे के वरीय अधिकारियों ने गया जंक्शन से डीडीयू (पंडित दीन दयाल उपाध्याय) जंक्शन के लिए एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्देश दिया. यह ट्रेन मंगलवार शाम 4:45 बजे गया से डीडीयू के लिए रवाना की गई. इस फैसले से प्लेटफॉर्म पर घंटों से ट्रेन का इंतजार कर रहे सैकड़ों यात्रियों को बड़ी राहत मिली और स्टेशन पर भीड़ का दबाव काफी हद तक कम हो गया. रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, बड़े त्योहारों के समापन के बाद स्टेशनों पर अप्रत्याशित भीड़ बढ़ना एक सामान्य प्रक्रिया है. ऐसे में यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है और इसी के तहत यह अतिरिक्त व्यवस्था की गयी. अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर के दौरान धैर्य बनाये रखें और किसी भी तरह की भगदड़ से बचें. यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए स्टेशन पर तैनात रेलवे कर्मचारियों के निर्देशों का सख्ती से पालन करें. इनसेट एसीएम ने किया निरीक्षण, यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील होली के बाद यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए गया जंक्शन पर रेलवे प्रशासन सतर्क है. डीडीयू मंडल के सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक वीरेंद्र कुमार ने स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने यात्रियों से अपील की कि भीड़ के दौरान सावधानी से ट्रेन में चढ़ें और उतरें तथा धक्का-मुक्की से बचें. साथ ही कर्मचारियों को भी भीड़ प्रबंधन, यात्रियों को लाइन में लगाने और ट्रेन के आगमन-प्रस्थान के समय अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिये. रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता बताते हुए सभी कर्मियों को अलर्ट मोड में ड्यूटी करने को कहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PRANJAL PANDEY

PRANJAL PANDEY is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >