Gaya-Patna Rail Section : गयाजी. गया-पटना रेलखंड पर खरखुरा स्थित 64 नंबर गुमटी के पास रविवार को ट्रेन की चपेट में आने से 13 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई. हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेल पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू की. हादसे के कारण कुछ देर के लिए रेलवे ट्रैक पर स्थिति प्रभावित हुई. स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रेनों का परिचालन सामान्य कराने के लिए गुमटीकर्मी ने शव को ट्रैक से हटाकर किनारे कर दिया.
मृतका की हुई पहचान
रेल थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने बताया कि मृतका की पहचान डेल्हा थाना क्षेत्र के काटन मिल बालाजी नगर निवासी धर्मेंद्र कुमार की 13 वर्षीय पुत्री प्रिया उर्फ श्वेता कुमारी के रूप में हुई है. घटना के बाद रेल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया.
यूडी केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस
रेल थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना को लेकर रेल थाना में यूडी केस दर्ज किया गया है. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. किशोरी रेलवे ट्रैक तक कैसे पहुंची और किस ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई, इसे लेकर भी पुलिस जानकारी जुटा रही है. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
