आवारा कुत्ते के आतंक से टिकारी में दहशत, एक दर्जन से अधिक पशु घायल

Gaya Ji News : टिकारी नगर परिषद क्षेत्र में एक आवारा कुत्ते के आतंक ने लोगों में दहशत फैला दी है. बुधवार शाम को हुए हमले में एक दर्जन से अधिक पशुओं के अलावा कई ग्रामीण भी घायल हुए हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है.

Gaya Ji News : टिकारी नगर परिषद क्षेत्र के तिताईगंज, अंदर किला सहित आसपास के कई मोहल्लों में एक आवारा कुत्ते के आतंक से लोगों में दहशत का माहौल है. स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार की देर शाम एक आवारा कुत्ते ने हमला कर एक दर्जन से अधिक पशुओं को काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. इसके अलावा कई ग्रामीणों पर भी कुत्ते ने हमला किया, जिससे वे जख्मी हो गए. घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का वातावरण बना हुआ है. खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पशुपालकों में आवारा कुत्ते को लेकर डर बढ़ गया है. ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ते के अचानक हमले से लोग घरों से बाहर निकलने में भी सावधानी बरत रहे हैं.

घायलों का अस्पताल में कराया गया इलाज, पशुओं के इलाज की नहीं है सरकारी व्यवस्था

कुत्ते के हमले में घायल ग्रामीणों का इलाज टिकारी अनुमंडल अस्पताल में कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया. वहीं, हमले में घायल हुए पशुओं के इलाज की सरकारी स्तर पर कोई व्यवस्था नहीं होने से पशुपालकों की परेशानी बढ़ गई है. पशुपालकों को मजबूरी में निजी पशु चिकित्सकों से घायल पशुओं का इलाज कराना पड़ रहा है, जिससे उन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है.

नगर परिषद और विभाग से कार्रवाई की मांग

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और नगर परिषद को जानकारी दी गई है, लेकिन अब तक आवारा कुत्ते को पकड़ने या लोगों को राहत दिलाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. ग्रामीणों ने नगर परिषद और पशुपालन विभाग से अविलंब कार्रवाई करते हुए आवारा कुत्ते को पकड़ने तथा घायल पशुओं के उपचार की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो किसी बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता है.

Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Vijay pandey tekari

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >