गया. सीयूएसबी के कृषि विभाग एवं इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आइआइसी) ने संयुक्त तत्वाधान में परियोजना हरित का उद्घाटन किया गया. कुलपति प्रो कामेश्वर नाथ सिंह के कैंपस फॉर कम्युनिटी मुहिम पर आधारित इस पहल का उद्देश्य सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) की प्राप्ति के साथ तकनीकी हस्तक्षेपों के माध्यम से गांव स्तर पर किसानों की चुनौतियों का समाधान करना है. पीआरओ मोहम्मद मुदस्सीर आलम ने बताया कि कार्यक्रम का उद्घाटन डीएसडब्ल्यू प्रो पवन कुमार मिश्रा ने किया, जिसमें आइआइसी के अध्यक्ष प्रो वेंकटेश सिंह, कृषि संकाय के डीन प्रो रामाशीष यादव, विधि एवं शासन संकाय के डीन प्रो अशोक कुमार और कृषि विभाग के प्रमुख प्रो एपी सिंह, डॉ सुरेंद्र कुमार, डॉ हेमंत कुमार सिंह, डॉ अंगद कुमार सिंह, डॉ प्रणव त्रिपाठी व रेणु सहित कई अन्य संकाय सदस्य भी उपस्थित थे. प्रोजेक्ट हरित के तहत छात्रों और प्राध्यापकों की टीम ने विश्वविद्यालय परिसर के पास दरियापुर गांव एवं टेपा गांव का भ्रमण किया तथा वे किसानों की समस्याओं से रूबरू हुए. सर्वेक्षण का उद्देश्य प्रत्यक्ष जानकारी एकत्र करना था जो संस्थान द्वारा भविष्य के हस्तक्षेपों के लिए आधार के रूप में काम करेगी. इस दौरे का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का गहन विश्लेषण करना व उनके लिए तकनीकी समाधान विकसित करना था. छात्रों ने गांव के किसानों से संवाद कर उनकी कृषि संबंधी कठिनाइयों, जल प्रबंधन, फसल सुरक्षा और बाजार संपर्क जैसी समस्याओं की पहचान की. कार्यक्रम का समन्वय प्रो वेंकटेश सिंह और डॉ हेमंत कुमार सिंह द्वारा किया गया, जबकि छात्र समन्वय की जिम्मेदारी अभिषेक चंदन, शशांक मिश्रा, पल्लवी व वैष्णवी ने निभायी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
