टी-20 वर्ल्ड कप में धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले सोहैब खान का गांव में भव्य स्वागत, ग्रामीणों में खुशी की लहर

Gaya Ji News: गया के डुमरिया प्रखंड के चोन्हा गांव में टी-20 वर्ल्ड कप में यूएई टीम से खेलने वाले इंटरनेशनल क्रिकेटर सोहैब खान का भव्य स्वागत किया गया. ग्रामीणों ने उन्हें सम्मानित किया और उनके प्रदर्शन पर गर्व जताया. सोहैब ने युवाओं से मेहनत और लगन से आगे बढ़ने की अपील की.

Gaya Ji News(मनोज मिश्रा): डुमरिया प्रखंड के मैगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत चोन्हा गांव में बकरीद के अवसर पर गुरुवार को यूएई की ओर से टी-20 वर्ल्ड कप खेलने वाले इंटरनेशनल क्रिकेटर सोहैब खान का भव्य स्वागत किया गया. गांव पहुंचने पर लोगों ने फूल-माला, शॉल और बुके देकर उनका जोरदार अभिनंदन किया.

बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे

सोहैब खान का ननिहाल चोन्हा गांव में है. गांव पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले जिंदा शाह वली रहमतुल्लाह अलैह के मजार पर माथा टेककर अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी. इसके बाद पूर्व जिला पार्षद सदस्य रिजवान खान के आवास पर स्वागत समारोह आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद रहे.

क्रिकेट के सफर को किया याद

इस दौरान सोहैब खान ने कहा कि टी-20 वर्ल्ड कप खेलना सिर्फ उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि उनके परिवार, गया जिला और पूरे बिहार के लिए गर्व की बात है. उन्होंने अपने छात्र जीवन और कम संसाधनों के बीच साथियों के साथ खेलते हुए क्रिकेट के सफर को याद किया. उन्होंने युवाओं से मेहनत और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने की अपील की.

पूर्व जिला पार्षद रिजवान खान ने कहा कि यह पूरे इलाके के लिए गर्व का क्षण है कि हमारे बीच का एक लड़का आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और क्षेत्र का नाम रोशन कर रहा है. कम संसाधनों में इतनी बड़ी सफलता हासिल करना युवाओं के लिए प्रेरणा है.

छोटे भाई ओसामा भी क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे

सोहैब खान के बड़े भाई अल्तमश खान ने बताया कि आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में यूएई राष्ट्रीय टीम की ओर से खेलते हुए सोहैब ने लगातार दो अर्द्धशतक लगाकर अपनी टीम और इलाके का नाम रोशन किया है. वहीं उनके छोटे भाई ओसामा भी क्रिकेट के क्षेत्र में आगे बढ़ने की तैयारी कर रहे हैं.

कोठी निवासी जुगनू खान के पुत्र सोहैब खान की इस सफलता से क्षेत्र के क्रिकेट खिलाड़ियों और युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. इस मौके पर सिने कलाकार अली खान, भूतपूर्व मुखिया हाजी मकसूद अहमद खान, लाडले खान, रिजवान खान, फैयाज खान, रहमत खान, अमजद खान, डॉ. लव कुमार, गुलफाम उर्फ मुन्ना खान सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे.

Also Read: भुरहा दुब्बा उत्खनन से खुलेगा बौद्ध इतिहास का नया अध्याय, पुरातत्वविदों ने बताया अनमोल खजाना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Suryakant Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >