गया जंक्शन पर कांवरियों की सुरक्षा के लिए खास तैयारी, गेरुआ ड्रेस में तैनात रहेंगे RPF जवान

Shravani Mela 2026 : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेले 2026 को लेकर गया जंक्शन पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने कांवरियों और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक योजना बनाई है. इसमें गेरुआ वस्त्र में जवानों की तैनाती और चौबीसों घंटे सीसीटीवी निगरानी शामिल है.

Shravani Mela 2026 : विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू होने जा रहा है. इसे लेकर गया जंक्शन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी पूरी कर ली है. मेले के दौरान गया जंक्शन से खुलने वाली, यहां से गुजरने वाली ट्रेनों और श्रावणी स्पेशल ट्रेनों में आरपीएफ के विशेष जवानों की तैनाती की जायेगी.

यात्रियों और कांवरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्टेशन परिसर से लेकर ट्रेनों तक हर गतिविधि पर विशेष नजर रखी जायेगी. सहायक सुरक्षा आयुक्त संजय कुमार सिंह पूरी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे, जबकि गया पोस्ट के आरपीएफ इंस्पेक्टर बनारसी यादव पूरे अभियान की मॉनिटरिंग करेंगे. अधिकारियों ने सभी जवानों को सतर्कता के साथ ड्यूटी करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है.

गेरुआ वस्त्र में तैनात रहेंगे आरपीएफ के जवान

श्रावणी मेले के दौरान लाखों की संख्या में कांवरियों और श्रद्धालुओं के गया जंक्शन से होकर गुजरने की संभावना है. इसे देखते हुए आरपीएफ के विशेष जवान गेरुआ वस्त्र पहनकर अलग-अलग प्लेटफॉर्मों पर तैनात रहेंगे.

आम कांवरियों के बीच मौजूद रहकर ये जवान संदिग्ध व्यक्तियों और असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे, ताकि किसी भी तरह की चोरी, पॉकेटमारी, छिनतई या अन्य अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके.

Gaya Ji News : संवेदनशील स्थानों पर बढ़ाई जायेगी चौकसी

गया रेलवे स्टेशन के स्टेशन परिसर, प्रवेश व निकास द्वार, फुट ओवरब्रिज, टिकट काउंटर, आरक्षण काउंटर, पूछताछ कार्यालय, प्रतीक्षालय, प्लेटफॉर्म, पार्किंग क्षेत्र तथा अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए जायेंगे. भीड़ वाले क्षेत्रों में लगातार गश्त होगी और यात्रियों की सुविधा के साथ सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जायेगा.

Gaya Junction : सीसीटीवी कैमरों से होगी चौबीसों घंटे निगरानी

श्रावणी मेले के दौरान पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जायेगी. कंट्रोल रूम से हर गतिविधि पर नजर रखी जायेगी.

किसी भी संदिग्ध वस्तु, लावारिस सामान या संदिग्ध व्यक्ति की सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी. स्टेशन के महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती के साथ तकनीकी निगरानी को भी मजबूत किया गया है.

श्रावणी स्पेशल ट्रेनों पर रहेगा विशेष फोकस

श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए चलने वाली श्रावणी स्पेशल ट्रेनों में भी आरपीएफ के विशेष जवान तैनात रहेंगे. इसके अलावा गया जंक्शन से होकर गुजरने वाली प्रमुख मेल, एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जायेगी.

ट्रेन के कोचों में लगातार गश्त कर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जायेगी. महिला यात्रियों, बुजुर्गों और बच्चों की सहायता के लिए भी विशेष व्यवस्था रहेगी.

यात्रियों से सतर्कता की अपील

आरपीएफ के सीनियर कमांडेंट दिनेश सिंह तोमर ने यात्रियों और कांवरियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की स्वयं निगरानी रखें और किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं.

यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या किसी प्रकार की परेशानी दिखाई दे तो तुरंत आरपीएफ हेल्प डेस्क, रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को सूचना दें. अफवाहों पर ध्यान न देने और सुरक्षा एजेंसियों का सहयोग करने की भी अपील की गयी है.

हर परिस्थिति से निबटने की तैयारी

आरपीएफ ने स्पष्ट किया है कि श्रावणी मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जायेगी. सुरक्षा बलों को आपात स्थिति से निबटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. भीड़ नियंत्रण, ट्रेनों में सुरक्षा, स्टेशन परिसर की निगरानी और श्रद्धालुओं की सहायता के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गयी हैं.

रेलवे प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि श्रावणी मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालु गया जंक्शन से सुरक्षित, व्यवस्थित और निर्बाध यात्रा कर सकें. इसके लिए आरपीएफ, रेलवे प्रशासन और अन्य संबंधित एजेंसियां समन्वय बनाकर लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगी.

Also Read : रजौली अनुमंडलीय अस्पताल में जल्द शुरू होगी ICU और वेंटिलेटर सुविधा, विधायक ने बताया ऐतिहासिक सौगात


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >